रवि रायकवार, दतिया। भगुवापुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 9 सितंबर की दरमयानी रात एक जुआ पकड़ा था। इस दौरान भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र चौहान को भी गिरफ्तार किया था l अब पुलिस की ये जुआ पकड़ने की कार्रवाई सवालों के घेरे में घिर गई है l पुलिस की जुए के खिलाफ हुई कार्रवाई ने अब सियासी रंग ले लिया है।
आधी रात हुई इस कार्रवाई को झूठा करार देते हुए आज भाजपा सांसद संध्या राय और सेवढ़ा से भाजपा विधायक प्रदीप अग्रवाल बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ सीधे एसपी कार्यालय पहुंचे। पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष बाबा बुंदेला ने एसपी मयूर खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र चौहान को रंजिशन इस मामले में फंसाया गया है। जबकि सांसद संध्या राय और भाजपा विधायक प्रदीप अग्रवाल की एसपी से उनके चैम्बर में अकेले में चर्चा हुई l एसपी से मिलने के बाद सांसद ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता को झूठा फंसाया गया है। हमने एसपी से निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की बात कही है।
वहीं एसपी खंडेलवाल ने सफाई देते हुए कहा कि बस्तूरी गांव थाना क्षेत्र में बड़े जुए की सूचना पर ही यह कार्रवाई की गई थी, जिसमें आसपास के थाना प्रभारी भी शामिल थे। आज जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर मामले की प्राथमिक जांच अतिरिक्त एसपी को सौंपी गई है। पूरे मामले में उल्लेखनीय बात ये रही कि सत्तारुड़ दल के बड़े नेताओं को एस पी से मिलने खुद आना पड़ा और पुलिस ने बाकायदा बेरीकेडिंग की थी और बड़ी तादाद में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी।
राजनैतिक गलियारों में एक चर्चा ये भी थी कि भाजपा के सांसद विधायक सर्किट हाउस में बैठे थे जब कार्यकर्ताओ ने पुलिस की शिकायत बताई तो सांसद और विधायक ने एस पी को फ़ोन किया लेकिन एस पी ने फ़ोन रिसीव नहीं किया तो मजबूरी में सांसद और विधायक को एस पी ऑफिस आना पड़ा। हालांकि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता घनश्याम पिरोनिया ने एसपी के फोन नहीं उठाने की बात पर अनभिज्ञता जाहिर की l
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



