रवि रायकवार, दतिया। जिले के उदगवा मंडल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से बदहाल बुनियादी ढांचे की एक व्यथा सामने आई है। स्कूल तक पहुँचने के लिए सड़क न होने के कारण छात्र-छात्राओं को कीचड़ और जलभराव से होकर गुजरना पड़ रहा है। परेशान होकर स्कूली बच्चों ने स्वयं जनसुनवाई में पहुंचकर दतिया कलेक्टर को लिखित आवेदन दिया और कहा कि साहब! स्कूल जाने में बहुत परेशानी होती है, रास्ते में कपड़े और किताबें खराब हो जाती हैं, कृपया रोड बनवा दीजिए।
ये भी पढ़ें: छात्राओं के लिए शौचालय नहीं, गिरने की कगार पर दीवार! जानिए रीवा के इस स्कूल की बदहाली पर क्या बोले जिम्मेदार?
जनसुनवाई में पहुंचे मासूम, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
मासूम स्कूली बच्चों की इस वाजिब समस्या को कलेक्टर ने बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मामले की स्थल जाँच कर बच्चों के हित में अविलंब कार्रवाई करने के सख्त निर्देश जारी किए।
1 किमी लंबे कीचड़ भरे रास्ते से गुजरने को मजबूर छात्र
उदगवा का यह हाई स्कूल मेन रोड से लगभग 1 किलोमीटर अंदर स्थित है। स्कूल पहुँचने का यही एकमात्र रास्ता है, जो बारिश के दिनों में कीचड़ और पानी से लबालब भर जाता है। स्थानीय ग्रामीणों और आमजनों का कहना है कि वे भी अक्सर इस रास्ते पर फिसलकर दुर्घटना का शिकार होते रहते हैं।
ये भी पढ़ें: किताबों की जगह हाथों में फावड़ा! स्कूल में मासूमों से कराई जा रही थी मजदूरी, Video Viral होते ही मचा हड़कंप
ग्राउंड ज़ीरो पर पहुँची टीम से चर्चा करते हुए बच्चों ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि रास्ते में कीचड़ में फँसने और गिरने से उनकी ड्रेस और बस्ते की किताबें पूरी तरह खराब हो जाती हैं। ऐसे में पढ़ाई के लिए स्कूल पहुँचना हर रोज़ एक नई मुसीबत से जूझने जैसा है।

जल्द शुरू होगा सड़क का निर्माण: जिला पंचायत CEO अक्षय तेम्रवाल
मामले में जिला पंचायत सीईओ अक्षय तेम्रवाल ने बताया कि स्कूली बच्चों की शिकायत और समस्या पूरी तरह जायज है। इसके समाधान के लिए जिला पंचायत द्वारा एक जाँच टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिया है कि संबंधित ग्राम पंचायत के माध्यम से जल्द से जल्द सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


