आशुतोष द्विवेदी, रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के हिनौती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से शिक्षा व्यवस्था और छात्र सुरक्षा को लेकर एक बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। यहाँ 700 से अधिक छात्र-छात्राएं अपनी जान जोखिम में डालकर पढ़ने को मजबूर हैं। स्कूल में क्षतिग्रस्त भवन और गिरने की कगार पर पहुँची बाउंड्री वॉल हादसों को न्योता दे रही है, वहीं छात्राओं के लिए पर्याप्त शौचालय तक की व्यवस्था नहीं है।
ये भी पढ़ें: मेरी शादी करवा दो… मोबाइल टावर पर चढ़ा नाबालिक, नीचे उतारने में पुलिस के छूटे पसीने
झुक चुकी है बाउंड्री वॉल, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
विद्यालय परिसर की बाउंड्री वॉल बुरी तरह झुक चुकी है, जो कभी भी गिर सकती है। सेदहा ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि पुष्पराज सिंह और ग्रामीणों ने गहरा असंतोष जताते हुए जर्जर बाउंड्री वॉल को तुरंत गिराकर नई दीवार बनाए जाने की माँग की है।
शौचालयों की भारी कमी से परेशान छात्राएं
स्कूल प्रबंधन के अनुसार परिसर में विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में शौचालय अत्यंत अपर्याप्त हैं। इसका सबसे बुरा असर छात्राओं पर पड़ रहा है। सफाई व्यवस्था भले ही स्कूल स्तर पर की जा रही हो, लेकिन पर्याप्त शौचालय न होने से छात्राओं को भारी मानसिक व शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
“जर्जर भवन में न बैठाएं तो जाएँ कहाँ?”— शिक्षकों के सामने बड़ी दुविधा
स्कूल के शिक्षक सरोज कुमार मिश्रा ने प्रशासन के दोहरे रवैये पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि शासन के सख्त निर्देश हैं कि जर्जर भवनों में बच्चों को न बैठाया जाए। लेकिन जब हमारे पास 700 से अधिक विद्यार्थियों के लिए कोई वैकल्पिक कमरे ही नहीं हैं, तो उन्हें कहाँ बैठाया जाए?
ये भी पढ़ें: राजधानी में फुटपाथ हुआ चोरी! थाने में की शिकायत, निगम-PWD अफसरों की भूमिका की जांच की मांग
पत्राचार के बावजूद प्रशासन मौन
स्कूल के प्राचार्य प्रमोद कुमार पांडेय और स्थानीय सरपंच द्वारा जिला कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को कई बार लिखित शिकायतें और पत्र भेजे जा चुके हैं, फिर भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्राचार्य ने प्रशासन से नए भवन निर्माण, बाउंड्री वॉल और नवीन शौचालयों के तुरंत निर्माण की माँग दोहराई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


