बीडी शर्मा, दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक नाबालिग मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक अपनी शादी कराने की जिद कर रहा था। मांग पूरी न होने पर वह नाराज हो गया और टावर पर चढ़ कर अपनी नाराजगी जाहिर की। पूरी घटना जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र के नीमखेड़ा गांव की है।
दरअसल, घटना बुधवार की है। कुछ ग्रामीणों ने नाबालिग को ऊंचाई पर चढ़ा देखा जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को काफी समझाइश दी।
बता दें कि यह कोई पहली बार नहीं है जब युवक ने नाराजगी जाहिर करने के लिए टावर का सहारा लिया हो। जानकारी के अनुसार, करीब दो महीने पहले भी नाबालिग इसी मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। हालांकि, उस वक्त बटियागढ़ तहसीलदार और पुलिस की समझाइस के बाद उसे नीचे उतार लिया गया था।
अब देखना होगा कि इस बार भी युवक पुलिस की समझाइश पर नीचे उतर जाएगा या फिर कोई खौफनाक कदम उठा लेगा। साथ ही उसे नीचे उतारने के लिए क्या हथकंडे अपनाए जाएंगे और उसके इस तरह टावर चढ़ने का सिलसिला आखिर कब रुकेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


