फतेहाबाद। बेटी की शादी के लिए जोड़े जा रहे सपने बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में राख हो गए। मोची रोड स्थित कंबोज मोहल्ला में गैस सिलेंडर लीकेज से लगी भीषण आग ने एक परिवार की वर्षों की मेहनत और उम्मीदों को पलभर में तबाह कर दिया। आग में बेटी के विवाह के लिए जुटाया गया दहेज का सामान, 80 हजार रुपये की नकदी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और घरेलू सामान जलकर खाक हो गया, जबकि पिता-पुत्री झुलस गए।

जानकारी के अनुसार सुबह तड़के अचानक गैस रिसाव के कारण घर में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते, उससे पहले ही लपटों ने घर में रखा सामान जलाना शुरू कर दिया।

शादी की तैयारियों पर फिरा पानी

कालाराम कंबोज ने हाल ही में गेहूं की फसल का हिसाब होने के बाद कुछ पैसे जमा किए थे। परिवार बेटी की शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था और धीरे-धीरे दहेज का सामान इकट्ठा कर रहा था। आग में शादी के लिए खरीदा गया अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।

नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान भी स्वाहा

परिजनों के अनुसार घर में रखे करीब 80 हजार रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घरेलू सामान और बेटे की पढ़ाई के लिए हाल ही में खरीदा गया नया लैपटॉप भी आग की भेंट चढ़ गया।

पिता-पुत्री झुलसे

आग बुझाने और सामान बचाने की कोशिश में कालाराम कंबोज और उनकी बेटी ममता झुलस गए। दोनों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। गनीमत रही कि समय रहते अन्य परिजन सुरक्षित बाहर निकल आए और कोई बड़ा जनहानि का हादसा नहीं हुआ।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

खेती-बाड़ी कर परिवार का गुजारा करने वाले कालाराम कंबोज के लिए यह हादसा बड़ा आर्थिक झटका साबित हुआ है। एक ओर बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर बेटे की पढ़ाई के लिए जरूरी सामान भी खरीदा गया था। आग ने कुछ ही मिनटों में वर्षों की मेहनत और परिवार की उम्मीदों को राख में बदल दिया।