Dausa Road Accident: राजस्थान के दौसा जिले में रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोलवा थाना क्षेत्र के गुढलिया गांव के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अहमदाबाद से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राखी बंधवाने की खुशी के बीच मची चीख-पुकार
रक्षाबंधन पर अपनों से मिलने और राखी बंधवाने के लिए परिवार घर लौट रहे थे। सफर सामान्य चल रहा था, लेकिन कुछ ही पलों में एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने मदद की। हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही कोलवा और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल यात्रियों को दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां सभी का उपचार जारी है। पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने भी मौके पर पहुंचकर हादसे का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत राहत कार्य में जुट गए थे।
क्रेन से हटाए गए बस और ट्रक
हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात को सुचारू कराया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
पढ़ें ये खबरें
- लखनऊ: कमरे में बिस्तर पर संदिग्ध हालत में मिला UPSC छात्र का शव, मची सनसनी
- ज्योतिरादित्य सिंधिया का अनोखा अंदाज: बैलगाड़ी में की सवारी, बॉलीवुड गानों पर जमकर थिरके, युवाओं से कहा- शरीर का कतरा-कतरा आपके लिए न्योछावर
- Lakhimpur Kheri News: बुजुर्ग किसान की हत्या के बाद कोहराम, शव उठाने गई पुलिस को ग्रामीणों ने खदेड़ा
- रीवा में तहसील भवन के लोकार्पण पर भाजपा नेताओं में तीखी तकरार, शिलापट्टिका पर नाम नहीं होने से MLA पर भड़के पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी
- मोतिहारी में कचहरी चौक पर वर्दी पहन जमा रहा था रौब, रंगे हाथों धरा गया फर्जी पुलिसकर्मी
