प्रवीण भारद्धाज, पानीपत। शहर में मिलावट और अशुद्धता के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत DC स्क्वॉयड की टीम ने मिठाई की दुकानों और मिठाई बनाने वाली फैक्ट्रियों पर औचक छापेमारी की। इस अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों और फैक्ट्री संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने विशेष तौर पर रसगुल्ले और गुलाब जामुन बनाने वाली फैक्ट्रियों को अपने निशाने पर लिया। जांच के दौरान इन मिठाइयों के सैंपल भी लिए गए हैं, जिन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए लैब में भेजा जा रहा है।
अनहाइजीनिक माहौल मिलने पर मिठाइयां कराई गईं नष्ट
छापेमारी के दौरान टीम को कई जगहों पर साफ-सफाई की भारी कमी और अनहाइजीनिक परिस्थितियां मिलीं। मिठाई निर्माण और भंडारण के स्थानों पर स्वच्छता के नियमों का बिल्कुल पालन नहीं किया जा रहा था। गंभीर खामियां मिलने पर DC स्क्वॉयड ने मौके पर ही कई जगहों पर मिठाइयों को डिस्ट्रॉय (नष्ट) करवा दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मिठाई बनाने, पकाने और उन्हें सुरक्षित रखने के तौर-तरीकों का बारीकी से निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: डॉ. विकास यादव
कार्रवाई के बाद डॉ. विकास यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी सूरत में खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई से समझौता करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता शहर के लोगों को स्वच्छ, शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

