अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी वरुण चौधरी शनिवार को शहर पहुंचे. यहां उन्होंने संगठन की मजबूती, आगामी विधानसभा चुनाव और दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन को लेकर उन्होंने अपनी बात रखी. वरुण चौधरी ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और उनकी गिरफ्तारी नहीं हो जाती.

वरुण ने आरोप लगाया कि देश की चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है. उन्होंने कहा कि जब तक चुनाव प्रणाली को पारदर्शी नहीं बनाया जाता और कथित अनियमितताओं पर रोक नहीं लगती, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा. वरुण चौधरी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी ने संसद परिसर में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारें वोट चोरी के सहारे सत्ता में आई हैं. ये कांग्रेस नेता के राजनीतिक आरोप हैं.

इसे भी पढ़ें : ‘भस्मासुर और भाजपा’ से दूर रहें’, सपा सांसद का CM योगी के बयान पर करारा पलटवार, नौजवानों और जनता से कर दी बड़ी अपील

वरुण ने कहा कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे हटने वाले नहीं हैं. उन्होंने दावा किया कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को हराने का काम करेगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व जल्द ही गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर स्थिति स्पष्ट करेगा. फिलहाल पार्टी का पूरा ध्यान संगठन को मजबूत करने पर है.

वरुण ने बताया कि कांग्रेस बनारस और प्रयागराज के बाद चंदौली में संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रही है. बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं और ब्लॉक स्तर तक संगठन का विस्तार किया जा रहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गठबंधन का जो भी प्रत्याशी मैदान में उतरे, उसे जिताने के लिए पूरी ताकत लगाई जाए. इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर चंदा और चढ़ावे से जुड़े मामलों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी इन मुद्दों को जनता के सामने उठाती रहेगी.