संजय तिवारी, बलिया. उत्तर प्रदेश में एनडीए बनाम पीडीए की सियासी जंग तेज होती नजर आ रही है. सिकंदरपुर में सलेमपुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर राजभर ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उसे ‘भस्मासुर’ करार दिया. सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नौजवानों को समाजवादी पार्टी से दूर रहने की सलाह देते हैं, लेकिन वह नौजवानों से कहना चाहते हैं कि वे ‘भस्मासुर और भाजपा’ से दूर रहें. वहीं, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने साफ किया कि इंडिया गठबंधन में सीट से ज्यादा जीत मायने रखती है.

इसे भी पढ़ें- भाजपा अगर ताकत के बल पर…जंतर-मंतर होने वाले प्रोटेस्ट को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा, दे डाली सख्त चेतावनी

भस्मासुर और भाजपा से दूर रहें नौजवान

भाजपा पर हमला बोलते हुए रमाशंकर राजभर ने कहा कि प्रदेश में एनडीए बनाम पीडीए की लड़ाई शुरू हो चुकी है. उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में जो भी पीडीए का साथ देना चाहता है, उसका स्वागत है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नौजवानों को शराब और समाजवादी पार्टी से दूर रहने के कथित संदेश पर पलटवार करते हुए सांसद ने कहा, “मैं तो कहता हूं कि नौजवानों, भस्मासुर और भाजपा से दूर रहो.”

पाप का घड़ा भर चुका है

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भाजपा की है, लेकिन वह अपने पापों का ठीकरा समाजवादी पार्टी पर फोड़ने की कोशिश करती है. जनता को भाजपा की राजनीति से बचकर रहना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पाप का घड़ा भर चुका है और अब जनता इसका जवाब देगी. प्रदेश की राजनीति में एनडीए और पीडीए के बीच मुकाबला तेज हो गया है. उन्होंने विपक्षी दलों और पीडीए के साथ आने वाले लोगों से एकजुट होने की अपील की.

इसे भी पढ़ें- सहारनपुरः श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को कंटेनर ने मारी टक्कर, 4 की मौत; 20 से ज्यादा घायल

राहुल गांधी और अखिलेश यादव करेंगे तय

सांसद रमाशंकर राजभर ने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ खड़ा है. उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन मजबूत है. सीटों के बंटवारे पर उन्होंने कहा कि गठबंधन के नेताओं की प्राथमिकता सीटों की संख्या नहीं, बल्कि जीत सुनिश्चित करना है. कोर कमेटी यह तय करेगी कि किस क्षेत्र में कांग्रेस की जीत की संभावना अधिक है और कहां समाजवादी पार्टी मजबूत स्थिति में है. उसी आधार पर सीटों का फैसला किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लेंगे.