सहारनपुर. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद में शनिवार (10 अक्टूबर 2026) सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी. हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली में बैठे लोग उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरे. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
इसे भी पढ़ें- CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली बॉर्डर सील, यूपी में हाई अलर्ट; 100 से ज्यादा ट्रेनें रद्द
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए. जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए.
मां शाकुंभरी देवी के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, मेरठ के सरधना क्षेत्र स्थित गांव कुशावली के 20 से अधिक लोग नवरात्र के अवसर पर मां शाकुंभरी देवी के दर्शन करने सहारनपुर गए थे. दर्शन के बाद वे ज्योत लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे. श्रद्धालु सुनील के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब आठ बजे देवबंद में वे चाय-पानी पीने के लिए एक दुकान पर रुके थे.
पीछे से आए कंटेनर ने मारी जोरदार टक्कर
श्रद्धालुओं के मुताबिक, इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए कंटेनर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी. टक्कर से ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे कई लोग उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
चार श्रद्धालुओं की मौत, 20 से अधिक घायल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अमन राणा (25), रमेश उर्फ रिंकू (55), सागर (22) और पंकज (25) के रूप में हुई है. सभी मेरठ के सरधना क्षेत्र के गांव कुशावली के रहने वाले बताए गए हैं. 20 से अधिक घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
डीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
हादसा देवबंद में फ्लाईओवर के पिलर नंबर 13 के पास हुआ, जो जिला मुख्यालय से करीब 48 किलोमीटर दूर बताया गया है. सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया. जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली और घायलों के इलाज तथा मामले की जांच के निर्देश दिए.

