गाजियाबाद. दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के ऐलान के बाद राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. गाजियाबाद के यूपी बॉर्डर और नोएडा के चिल्ला बॉर्डर पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है. पुलिस और सुरक्षा बल वाहनों की जांच कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- चलती कार में भीषण आग, ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत; चार महीने पहले खरीदी थी CNG कार
चिल्ला बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस, नोएडा पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान तैनात हैं. प्रदर्शन की तैयारियों के बीच रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, यूपी से नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने-जाने वाली 100 से ज्यादा ट्रेनें रद्द हैं, जिससे करीब डेढ़ लाख यात्रियों को परेशानी हुई है.
यूपी बॉर्डर पर 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
गाजियाबाद में यूपी बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है. यहां वाहनों की जांच के बाद ही दिल्ली की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है. यूपी गेट पर बाइक सवारों को भी एक-एक करके जांच के बाद प्रवेश दिया जा रहा है. मेरठ में दिल्ली जाने वाले वाहनों की काशी और सिवाया टोल प्लाजा पर जांच की जा रही है.
चिल्ला बॉर्डर पर BSF और दिल्ली पुलिस तैनात
नोएडा-दिल्ली के चिल्ला बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. यहां कई स्तर पर लोहे और आरसीसी के बैरिकेड लगाए गए हैं. बसों के अंदर तक जांच की जा रही है. जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल के लिए पानी के टैंकर, बसें, एंबुलेंस और क्रेन भी तैनात रखी गई हैं. मौके पर पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक से जुड़ा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 का पोस्टर भी लगाया गया है.
100 से ज्यादा ट्रेनें रद्द, यात्री परेशान
प्रदर्शन के मद्देनजर ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. बरेली स्टेशन पर यात्रियों ने बताया कि दिल्ली होकर वैष्णो देवी जाने की योजना बदलनी पड़ रही है. कुछ यात्री अब लखनऊ से जम्मू के लिए फ्लाइट लेने की तैयारी कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- मेरठ में 10 दिन बाद कब्र से निकाला गया पति का शव, पत्नी बोली- मैंने गलत किया, मुझे फांसी दे दो
नमो भारत ट्रेन आनंद विहार तक चलेगी
सुरक्षा व्यवस्था के बीच मेरठ से दिल्ली जाने वाली नमो भारत ट्रेन को आनंद विहार तक ही चलाने की जानकारी दी गई है. इससे आगे जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए दूसरे विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं. बॉर्डर और टोल प्लाजा पर जांच जारी है.

