बाराबंकी. उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में चलती टाटा टियागो कार में भीषण आग लगने से ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत हो गई. आग इतनी भयावह थी कि ड्राइवर के साथ पूरी कार जलकर राख हो गई. शनिवार (10 अक्टूबर 2026) सुबह राहगीरों ने कार की सीट पर जले हुए अवशेष देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

हादसा सफदरगंज थाना क्षेत्र में हुआ. मृतक की पहचान कार के नंबर के आधार पर प्रदीप कुमार के रूप में हुई है. वह बाराबंकी के प्यारेपुर का रहने वाला था.

इसे भी पढ़ें- नवरात्र से छठ तक अलर्ट मोड में रहे पुलिस-प्रशासन, CM योगी के निर्देश- महिलाओं की सुरक्षा में न हो चूक

रात डेढ़ बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे हुआ. प्रदीप लखनऊ एयरपोर्ट से सवारियों को बाराबंकी छोड़कर लौट रहा था. शनिवार सुबह करीब छह बजे राहगीरों की नजर जली हुई कार पर पड़ी. इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई.

पूरी कार जलकर खाक

मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने की कार्रवाई की. तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और ड्राइवर की जान नहीं बचाई जा सकी. आग लगने की वजह से कार के भीतर केवल जले हुए अवशेष बचे थे.

इसे भी पढ़ें- दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले लखनऊ में छापेमारी, कई छात्र नेता हिरासत में; परिवर्तन चौक पर प्रदर्शन का ऐलान

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की. आग बुझाने के बाद कार में बचे जले हुए अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित किया गया. टीम राख और हड्डियों को अपने साथ ले गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आग तकनीकी खराबी, सीएनजी सिस्टम या किसी अन्य वजह से लगी, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा.