लखनऊ. उत्तर प्रदेश में शारदीय नवरात्र, विजयादशमी और छठ महापर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि नवरात्र से छठ तक वरिष्ठ अधिकारी खुद फील्ड में रहें और जनता से सीधा संवाद कर समस्याओं का समाधान कराएं. महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ प्रमुख दुर्गापूजा पंडालों और मंदिरों में सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.

इसे भी पढ़ें- दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले लखनऊ में छापेमारी, कई छात्र नेता हिरासत में; परिवर्तन चौक पर प्रदर्शन का ऐलान

मुख्यमंत्री ने शासन और पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की. उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

शिकायतों का 24 घंटे में हो समाधान

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम 24 घंटे के भीतर संतोषजनक जवाब मिले. थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए. महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के साथ उन्हें जरूरी सहायता, परामर्श और कानूनी सहयोग उपलब्ध कराया जाए.

प्रमुख मंदिरों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

मुख्यमंत्री ने विंध्याचल धाम, देवीपाटन शक्तिपीठ, मां शाकुंभरी देवी मंदिर और मां ललिता देवी शक्तिपीठ समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए. इन स्थानों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित की जाएगी. भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.

स्टंटबाजी और छेड़छाड़ पर होगी सख्ती

सीएम ने त्योहारों के दौरान स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाने और एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्रवाई तेज करने को कहा. शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन मार्गों पर जाम रोकने, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए. विसर्जन स्थलों पर मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, नाव, गोताखोर और जल पुलिस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी.

इसे भी पढ़ें- यूपी में 30 जिलों में बारिश का अलर्ट, लखनऊ में 40 हजार घरों में भरा पानी; 32 जिलों में बाढ़ जैसे हालात

विसर्जन मार्गों पर एंबुलेंस और दमकल तैनात

मुख्यमंत्री ने शोभायात्रा और विसर्जन मार्गों पर चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और मेडिकल टीम उपलब्ध रखने को कहा. प्रमुख स्थलों की सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी के साथ सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी. परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसें चलाने और बस स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.

सीएम ने कहा कि 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे नवरात्र, 20 अक्टूबर को विजयादशमी और इसके बाद छठ पर्व तक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नियमित गश्त करें. प्रशासन का जोर त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर है.