लखनऊ. दिल्ली में होने वाले CJP के प्रदर्शन को लेकर लखनऊ में हलचल तेज हो गई है. राजधानी के परिवर्तन चौक पर प्रदर्शन के ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है. शुक्रवार को पुलिस ने प्रदर्शन रोकने के लिए कई जगह छापेमारी की. इस दौरान समाजवादी छात्रसभा और अन्य छात्र संगठनों से जुड़े कई नेताओं को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में 30 जिलों में बारिश का अलर्ट, लखनऊ में 40 हजार घरों में भरा पानी; 32 जिलों में बाढ़ जैसे हालात
समाजवादी छात्रसभा के महेंद्र यादव ने दावा किया कि लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर से शुभम खरवार, अहमद रजा और विकास चौरसिया समेत कई छात्र नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है. वहीं, कुछ छात्र नेता पुलिस की कार्रवाई की आशंका के चलते पहले ही दिल्ली रवाना हो गए.
प्रदर्शन से पहले छात्र नेताओं के घरों और हॉस्टलों में छापेमारी
प्रदर्शन की तैयारियों के बीच पुलिस ने शुक्रवार को छात्र नेताओं के ठिकानों पर कार्रवाई की. छात्र संगठनों का कहना है कि पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया और उनके घरों तथा हॉस्टलों में भी छापेमारी की. हालांकि, हिरासत में लिए गए सभी लोगों की आधिकारिक सूची सामने नहीं आई है.
कई छात्र नेता पहले ही दिल्ली रवाना
पुलिस की कार्रवाई की आशंका के चलते कुछ छात्र नेता गुरुवार रात ही दिल्ली के लिए निकल गए. एनएसयूआई के सुधांशु बाजपेई ने बताया कि उनकी टीम गुरुवार को रवाना हो गई थी. उन्होंने दावा किया कि रास्ते में ट्रेन में भी कई जगह छापेमारी हुई, लेकिन उनकी टीम दिल्ली पहुंच गई. उन्होंने कहा कि लखनऊ से बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं.
आईसा के प्रदेश अध्यक्ष को मेरठ में हिरासत में लेने का दावा
आईसा के हर्षवर्धन ने दावा किया कि संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष को मेरठ में हिरासत में लिया गया है. उन्होंने कहा कि अन्य छात्र नेताओं के घरों और हॉस्टलों में भी छापेमारी की गई, लेकिन कई लोग पहले ही दिल्ली के लिए निकल चुके थे.
इसे भी पढ़ें- 1 करोड़ का बीमा और बच्चों को 8 लाख… यूपी सरकार ने खोला सौगातों का पिटारा, जानिए किसे और कैसे मिलेगा फायदा
पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है. संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात करने के साथ खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया है. सोशल मीडिया और जमीनी गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी. परिवर्तन चौक पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है.

