उत्तर प्रदेश सरकार ने सचिवालय प्रशासन विभाग और एक्सिस बैंक के बीच हुए समझौते के तहत कर्मचारियों के लिए बीमा सुविधाओं की व्यवस्था की है. इसके तहत करीब चार हजार कर्मचारियों को एक करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा, बच्चों की शिक्षा के लिए आठ लाख रुपये तक की सहायता और अन्य बीमा लाभ मिलेंगे.
लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार ने सचिवालय के करीब चार हजार कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए बीमा सुविधाओं की व्यवस्था की है. सचिवालय प्रशासन विभाग और एक्सिस बैंक के बीच हुए समझौता ज्ञापन के तहत पात्र कर्मचारियों को वेतन खाते से जुड़ी विभिन्न बीमा सुविधाओं का लाभ मिलेगा.
एक करोड़ का दुर्घटना बीमा
इस व्यवस्था के तहत कर्मचारियों को एक करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर दिया जाएगा. इसके अलावा सात रुपये प्रतिदिन के प्रीमियम पर 30 लाख रुपये तक का अतिरिक्त स्वास्थ्य बीमा भी उपलब्ध होगा.
बच्चों की पढ़ाई के लिए सहायता
योजना में कर्मचारियों के आश्रित बच्चों की शिक्षा के लिए आठ लाख रुपये तक की अतिरिक्त आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है. इसके साथ ही कर्मचारियों को 10 लाख रुपये का सावधि जीवन बीमा कवर भी मिलेगा.
वेतन खाते से जुड़ी सुविधाएं
समझौते के तहत वेतन खाते के साथ बैंकिंग सुविधाओं के अलावा बीमा और कर्मचारी कल्याण से जुड़े लाभ भी दिए जाएंगे. इस पहल का उद्देश्य आकस्मिक परिस्थितियों में कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक सहारा उपलब्ध कराना है.

