अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. बाजार से बहन के साथ दवा लेकर घर लौट रहे एक समाचार पत्र विक्रेता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि बहन से अश्लील हरकत और अभद्र भाषा का विरोध करने पर कुछ लोगों ने युवक की लाठी-डंडे और लात-घूंसों से पिटाई कर दी. घटना में युवक घायल हो गया. पीड़ित पक्ष ने मुगलसराय कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है.

पीड़ित के मामा मुहम्मद राशिद अली निवासी कालीमहाल की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, उनका भांजा जीशान अली अहमद सोमवार रात करीब आठ बजे एलबीएस कटरा से अपनी बहन के साथ दवा लेकर शाहकुटी के रास्ते घर लौट रहा था. आरोप है कि शाहकुटी मंदिर के पास एक युवक शराब के नशे में उसकी बहन पर अश्लील टिप्पणी करते हुए पीछे-पीछे आने लगा. जीशान ने इसका विरोध किया.

इसे भी पढ़ें : लखनऊ में मामूली विवाद के बाद चारपाई पर चढ़ा दी लोडर, बुजुर्ग की मौत; 6 घायल

तहरीर के मुताबिक, जब दोनों हनुमानपुर वार्ड में सभासद प्रभुनारायण यादव के मकान के सामने पहुंचे तो उक्त युवक ने जीशान के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद राम श्रृंगार यादव ने लाठी से जीशान के सिर पर पीछे से वार कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद मौके पर पहुंचे कुछ युवकों ने भी उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की.

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि मारपीट की घटना सभासद के मकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी, लेकिन बाद में फुटेज डिलीट कर दी गई. हालांकि सभासद प्रभुनारायण यादव ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें है, लेकिन वह मौके पर मौजूद नहीं थे. उन्होंने सीसीटीवी फुटेज डिलीट करने के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि कैमरा खराब है.

इसे भी पढ़ें : साक्षात ‘देवदूत’ बने RPSF जवान: पहियों के नीचे पहुंच चुकी थी महिला, पलक झपकते ही टल गया खौफनाक हादसा

बताया गया कि जीशान समाचार पत्र बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है. मामले में मुगलसराय थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. मामले की जांच कुड़ाबाजार चौकी प्रभारी को सौंपी गई है. उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.