लखनऊ. मलिहाबाद में सोमवार (28 सितंबर) देर रात मामूली विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर चारपाई पर बैठे ग्रामीणों पर तेज रफ्तार छोटा हाथी लोडर चढ़ा दिया. हादसे में 60 वर्षीय श्यामलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.

इसे भी पढ़ें- सुना है चच्चू और भाई को दफ्तर में घुसने के लिए… ओपी राजभर ने अखिलेश पर कसा तंज, जानिए शिवपाल यादव और धर्मेंद्र यादव को लेकर ऐसा क्या कहा?

कहासुनी के बाद वाहन लेकर लौटा युवक

बताया जा रहा है कि ग्रामीण पड़ोसी के दरवाजे के सामने चारपाई डालकर बैठे थे और आपस में बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर एक युवक से उनकी कहासुनी हो गई. विवाद के बाद युवक वहां से चला गया. आरोप है कि कुछ देर बाद वह छोटा हाथी लोडर लेकर वापस आया.

चारपाई पर बैठे लोगों को बनाया निशाना

ग्रामीणों के मुताबिक, युवक ने तेज रफ्तार लोडर चारपाई पर बैठे लोगों की तरफ मोड़ दिया. अचानक हुए हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई. कई लोग वाहन की चपेट में आ गए. आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो आरोपी वाहन लेकर मौके से भाग निकला.

श्यामलाल की मौत, छह लोग अस्पताल में भर्ती

वाहन की चपेट में आने से 60 वर्षीय श्यामलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं छह अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलने पर कसमंडी चौकी प्रभारी और मलिहाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

इसे भी पढ़ें- जनसेवा सर्वोच्च प्राथमिकता! जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनी फरियाद, अधिकारियों को दिए तत्काल समाधान के निर्देश

आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश

घटना की सूचना पर एसीपी मलिहाबाद और इंस्पेक्टर सुरेंद्र भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने श्यामलाल के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है और आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.