अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. पड़ाव क्षेत्र के मढ़िया गांव में जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर रविवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द समाधान की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि पुरानी बस्ती का यह मुख्य मार्ग है, जिससे गांव के लगभग 200 परिवारों का रोजाना आवागमन होता है.
इसके अलावा बहादुरपुर गांव के लोग भी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं. जलभराव और निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व क्षेत्र में विद्युत उपकेंद्र, जल निगम का पेयजल पंप तथा सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया था। हालांकि विद्युत उपकेंद्र को छोड़कर अन्य परियोजनाएं ग्रामीणों के लिए केवल शोपीस बनकर रह गई हैं। पेयजल पंप और सामुदायिक शौचालय का लाभ आज तक ग्रामीणों को नहीं मिल सका है।
इसे भी पढ़ें : धरम-करम छोड़ कांड कर दिया! कथा वाचक ने युवती के साथ किया रेप, जानिए कुकर्म की पूरी कहानी
ग्रामीणों के अनुसार समस्या की मुख्य वजह पुराने गड्ढे को पाटकर विभिन्न भवनों का निर्माण किया जाना है। निर्माण कार्य के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, जिसके चलते बरसात ही नहीं बल्कि सामान्य दिनों में भी पानी जमा हो जाता है। इससे सड़कें कीचड़युक्त हो जाती हैं और लोगों का निकलना दूभर हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की उदासीनता से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो वे व्यापक जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

