कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। जाह्नवी कुशवाह की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए फरार आरोपी देवर योगेश कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि यह घटना किसी साजिश का नहीं, बल्कि मजाक के दौरान हुए हादसे का नतीजा थी।
फरार आरोपी देवर योगेश कुशवाह गिरफ्तार
ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र स्थित तृप्ति नगर में जाह्नवी कुशवाह मौत मामले में पुलिस ने फरार आरोपी देवर योगेश कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी योगेश ने जो कहानी बताई है, उसने मामले को नया मोड़ दे दिया है। आरोपी के मुताबिक घर में मृतका के दो महीने के बेटे का दष्टोन कार्यक्रम आयोजित हुआ था। कार्यक्रम के अगले दिन सुबह वह घर में रखी पिस्टल से मजाक कर रहा था। इसी दौरान उसने भाभी जाह्नवी की ओर पिस्टल तान दी और ट्रिगर दबा दिया। आरोपी योगेश का दावा है कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि पिस्टल की मैगजीन में राउंड फंसा हुआ है।
हत्या करने का गंभीर आरोप
ट्रिगर दबाते ही गोली चल गई और जाह्नवी को जा लगी। गोली लगने से जाह्नवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनकी बाद में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया। उसके बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। मृतका जाह्नवी के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना के बाद हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि जाह्नवी को लगातार परेशान किया जाता था और उसकी मौत महज हादसा नहीं हो सकती।
इसके पीछे कोई और सच्चाई
इसी वजह से पुलिस केवल आरोपी के बयान पर निर्भर नहीं है, बल्कि फॉरेंसिक साक्ष्यों, घटनास्थल की परिस्थितियों, परिजनों के आरोपों और अन्य तथ्यों को भी जांच का हिस्सा बना रही है। ऐसे में अब पुलिस की जांच तय करेगी कि यह महज हादसा था या फिर इसके पीछे कोई और सच्चाई छिपी है।

