यमुनानगर: रक्षाबंधन की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। 20 वर्षीय BBA छात्रा अपर्णा अपने पिता के साथ राखी खरीदने बाजार जाने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही जगाधरी बस स्टैंड पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्राइवेट बस की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल अपर्णा की इलाज के दौरान मौत हो गई। अब रक्षाबंधन पर उसके भाई की कलाई बहन की राखी के बिना सूनी रह जाएगी।

शिकायतकर्ता पिता प्रदीप कुमार ने बताया कि अपर्णा गुरुवार को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। शाम करीब 5 बजे वह कॉलेज से जगाधरी बस स्टैंड पहुंची। सरकारी बस से उतरने के बाद वह पैदल अपने पिता की ओर जा रही थी। दोनों को बाजार जाकर राखी खरीदनी थी।

इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक प्राइवेट बस ने अपर्णा को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तुरंत यमुनानगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया।

डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद अपर्णा की जान नहीं बच सकी। गुरुवार तड़के इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

जिस घर में रक्षाबंधन की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब बेटी और बहन की मौत का मातम है। अपर्णा अपने पिता के साथ भाई के लिए राखी खरीदने निकली थी, लेकिन भाई की कलाई पर राखी बांधने से पहले ही उसकी जिंदगी की डोर टूट गई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में बस चालक पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। हादसे की परिस्थितियों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m