कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर में एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां के थाटीपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक 24 साल के युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। रंजिश का आलम यह था कि समझौता न करने पर आधा दर्जन बदमाशों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों से तब तक मारा, जब तक कि उसकी सांसे उखड़ने नहीं लगीं। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
तब तक मारा जब तक वह अधमरा नहीं हो गया
दरअसल यह मामला ग्वालियर के श्रीनगर कॉलोनी की है। मृतक का नाम कालू सेन था, जो मूल रूप से टीकमगढ़ का रहने वाला था। कालू शुक्रवार को अपने भाई के साथ टीकमगढ़ से ग्वालियर आया था, लेकिन उसे क्या पता था कि शहर में मौत उसका इंतजार कर रही है। नदी पार टाल इलाके में मृत्युंजय उर्फ महाकाल, लल्ला चौहान और उनके आधा दर्जन साथियों ने कालू को घेर लिया और फिर शुरू हुआ मौत का खूनी खेल, परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने कालू पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से तब तक वार किया जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। शनिवार की रात इलाज के दौरान अस्पताल में कालू की मौत हो गई।
राजीनामे के लिए परिवार पर दबाव बना रहा था
इस हत्याकांड के पीछे की वजह 3 साल पुराना एक मामूली विवाद बताया जा रहा है। तीन साल पहले आरोपियों ने कालू के भाई संदीप से शराब के लिए पैसे मांगे थे। पैसे न देने पर मारपीट हुई और मामला थाने तक पहुंचा। तभी से आरोपी पक्ष राजीनामे के लिए कालू के परिवार पर दबाव बना रहा था। खौफ इतना था कि यह परिवार ग्वालियर छोड़कर टीकमगढ़ शिफ्ट हो गया था, लेकिन आरोपियों का टशन कम नहीं हुआ।पुलिस ने मुख्य आरोपी मृत्युंजय उर्फ महाकाल और लल्ला चौहान समेत अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। ग्वालियर पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।

