प्रदीप मालवीय, उज्जैन। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष और तराना स्थित ऐतिहासिक तिलभांडेश्वर (तिलकेश्वर) महादेव मंदिर के महंत मोहन भारती महाराज को इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी और भद्दी गालियां देने का गंभीर मामला सामने आया है। आगामी 7 सितंबर को निकलने वाली भगवान तिलकेश्वर महादेव की अंतिम शाही सवारी की तैयारियों को लेकर इंस्टाग्राम पर शेयर की गई रील पर यह धमकी दी गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सैयद अकरम को बैतूल से राउंडअप कर लिया है।
मस्जिद के सामने गाने न बजाने की दी थी धमकी
महंत मोहन भारती ने 7 सितंबर की अंतिम शाही सवारी को भव्य रूप देने के उद्देश्य से ‘तिलकेश्वर महादेव ऑफिस’ नाम के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर एक रील और फोटो पोस्ट की थी। इस पोस्ट पर ‘akram_1414’ नाम की आईडी से कमेंट कर असामाजिक तत्वों ने अपशब्दों का प्रयोग किया और धमकी दी। कमेंट में लिखा गया था कि पिछली सवारी में मस्जिद के सामने जो गाने बजाए गए थे, वे इस बार न बजाए जाएं, वरना 7 सितंबर को निकलने वाली सवारी के दौरान उन्हें देख लिया जाएगा।
MP सागर में जहरीली शराब सप्लाई में सक्रिय था यूपी का रैकेट: ललितपुर से होती थी नकली शराब सप्लाई
पहले भी मिल चुकी हैं कई धमकियां
जूना अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पीपलीधाम देवी मंदिर (रामपुर, यूपी) के महंत मोहन भारती को इससे पहले भी तीन से अधिक बार निशाना बनाया जा चुका है। दिसंबर 2025 में अज्ञात व्हाट्सएप नंबर से हिंदू धर्म का प्रचार करने पर जान से मारने का मैसेज मिला था। इसके अलावा मंदिर की दानपेटी से भी धमकी भरा पत्र मिल चुका है, जिसको लेकर वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और साइबर सेल से सुरक्षा की गुहार लगा चुके हैं।
साइबर सेल की मदद से पकड़ा गया आरोपी
शाही सवारी से ठीक पहले मिली इस धमकी के बाद श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया। तराना थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 555/2026, धारा 299, 196(1)(ए), 351(2), 352 बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन बैतूल में पाई गई, जिसके बाद तराना पुलिस ने बैतूल पुलिस के समन्वय से आरोपी सैयद अकरम को गिरफ्तार कर लिया। प्रशासन ने आगामी शाही सवारी को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा! सागर जहरीली शराबकांड पर सख्त हुए CM मोहन यादव; 7 दुकानें सील
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



