Morning News Brief (मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (17 अक्टूबर 2026) की खबरों में CJP नेता अभिजीत दिपके को SEM कोर्ट ने सशर्त जमानत दी; 98 वर्षीय आडवाणी अस्पताल में भर्ती; रूसी तेल के खरीद पर अब नहीं लगेगा 100% टैरिफ; कोलकाता में पंडाल हादसे में मृतकों का आंकड़ा 20 के पार, 50 घायल; राहुल गांधी के खिलाफ महिला पत्रकार ने दर्ज कराई शिकायत, FIR दर्ज करने की मांग प्रमुख रहा.

1. CJP नेता अभिजीत दिपके को SEM कोर्ट ने सशर्त जमानत दी
CJP नेता अभिजीत दिपके को SEM कोर्ट से सशर्त जमानत मिल गई है। जानकारी के मुताबिक, अभिजीत दिपके को पीस बांड पर जमानत दी गई है, जिसकी कंडीशन कोर्ट ने तय की है. उन्हें 50 हजार के श्योरिटी बांड पर जमानत मिली है. दिल्ली पुलिस ने बताया है कि CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके को कुछ शर्तों के साथ जमानत दे दी गई है.

2. 98 वर्षीय आडवाणी अस्पताल में भर्ती, ICU में चल रहा इलाज
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद नई दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 98 वर्षीय आडवाणी को शुक्रवार (18 अक्टूबर) शाम अस्पताल लाया गया था. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है.

3. रूसी तेल के खरीद पर अब नहीं लगेगा 100% टैरिफ, भारत को बड़ी राहत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने रूस और ईरान से सबसे ज्यादा तेल या गैस खरीदने वाले 5 देशों पर 100% टैरिफ लगाने की योजना में फिलहाल राहत देने का फैसला किया है. भारत ही नहीं बल्कि चीन, स्लोवाकिया, हंगरी और अजरबैजान को भी अमेरिका के नए फैसले से राहत मिली है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर 100 फीसदी तक टैरिफ लगाने की योजना फिलहाल रोक दी है. ट्रंप ने छूट को अमेरिका के राष्ट्रीय हित में बताया है.

4. कोलकाता में पंडाल हादसे में मृतकों का आंकड़ा 20 के पार
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान बड़ा हादसा होने की खबर है. उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में सप्तमी की शाम भारी भीड़ के बीच पंडाल का एक हिस्सा ढह गया, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में 20 से अधिक लोगों की मौत और 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है. हालांकि, मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि जरूरी है.

5. राहुल गांधी के खिलाफ महिला पत्रकार ने दर्ज कराई शिकायत, FIR दर्ज करने की मांग
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ महिला पत्रकार ऋचा पराशर ने नई दिल्ली के डीसीपी के पास शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में 12 अक्टूबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट तक निकाले गए मार्च की रिपोर्टिंग के दौरान कथित दुर्व्यवहार, धमकी और आपराधिक बल के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है. पत्रकार ने राहुल गांधी समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरें……
बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में रिजॉर्ट में भीषण आग, 10 लोगों की मौत: बांग्लादेश के प्रमुख समुद्र तटीय पर्यटन स्थल कॉक्स बाजार में शनिवार सुबह एक रिजॉर्ट में भीषण आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक ही परिवार के छह सदस्य शामिल हैं. हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि रिजॉर्ट में ठहरे अन्य लोगों की स्थिति को लेकर भी चिंता बनी हुई है.
इमरान खान भी छोड़ सकते हैं पाकिस्तान ! विपक्षी नेता अचकजई का बड़ा दावा: पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर विपक्षी नेता महमूद खान अचकजई ने बड़ा दावा किया है. अचकजई के मुताबिक, सरकार इमरान खान पर समझौता करने का दबाव बना रही है और वह पूर्व प्रधानमंत्रियों नवाज शरीफ और बेनजीर भुट्टो की तरह देश छोड़कर जा सकते हैं. शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए गए इस बयान ने पाकिस्तान की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है.
135 किलो ड्रग्स मामले में TVK नेता गिरफ्तार, DMK और AIADMK ने NIA और ED से जांच की मांग की: राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने नागपट्टिनम में TVK के जिला पदाधिकारी भूपालन और उनके सहयोगी सुगन को ड्रग्स तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया है. मेथामफेटामाइन तस्करी मामले में TVK के एक नेता की गिरफ्तारी के बाद सियासत गरमा गई है. विपक्ष ने मामले की NIA और ED से जांच की मांग की है. DRI ने सुगन के घर से 135 किलो मेथामफेटामाइन जब्त किया.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

