Deeg twin brothers murder case: राजस्थान के डीग जिले के बड़ेसरा गांव में 13 वर्षीय जुड़वा भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी मां प्रीति को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। मंगलवार सुबह दोनों बच्चों के शव गांव में ज्वार-बाजरे की पुंज के पास मिले थे।

पुलिस के अनुसार, बच्चों की गला रेतकर और शरीर पर कई वार करके हत्या की गई। शुरुआती जांच में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा पहलू भी सामने आया है, लेकिन हत्या की असल वजह और किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

छह घंटे में मां की गिरफ्तारी, गांव में मचा था हड़कंप

मामला जनूथर थाना क्षेत्र के बड़ेसरा गांव का है। मंगलवार सुबह दो किशोर भाइयों के शव मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीग पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

कई घंटे की जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने बच्चों की मां प्रीति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई शव मिलने के करीब छह घंटे के भीतर हुई। अब आरोपी से पूछताछ कर वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

ननिहाल में मां के साथ रह रहे थे दोनों भाई

मृतक बच्चों की पहचान विनय चौधरी और विष्णु चौधरी के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 13 वर्ष थी। वे अपनी मां के साथ नाना घनश्याम चौधरी के घर बड़ेसरा गांव में रह रहे थे। उनके पिता निरंजन सिंह का पहले ही निधन हो चुका था।

परिवार में चार भाई-बहन हैं। जुड़वा भाई सबसे छोटे थे। उनकी एक बड़ी बहन 18 वर्ष की और एक भाई 16 वर्ष का है। दोनों बच्चों के शव मिलने के बाद उन्हें डीग जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

प्रेम-प्रसंग के पहलू की भी जांच

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में घर के भीतर हत्या किए जाने से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। प्रेम-प्रसंग से संबंधित पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

डीग एसपी कांबले शरण गोपीनाथ के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। यदि जांच या पूछताछ में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

पढ़ें ये खबरें