Odisha Desk, सूनाबेड़ा: ओडिशा के कोरापुट जिले में स्थित हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) परिसर में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बेहद महत्वपूर्ण दौरा संपन्न हुआ। रक्षा मंत्री दोपहर 2:25 बजे सूनाबेड़ा के टीटीएस हेलीपैड पर उतरे और सीधे एचएएल परिसर के लिए रवाना हो गए। वह दोपहर 2:25 से 4:05 बजे तक (लगभग डेढ़ घंटे) एचएएल परिसर में रहे, जहां उन्होंने देश की रक्षा उत्पादन क्षमताओं को बढ़ावा देने वाली विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की और विनिर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया।
‘शक्ति’ इंजन का शिलान्यास और उत्पादन इकाइयों का दौरा
अपने इस दौरे के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एचएएल की बहुप्रतीक्षित ‘शक्ति’ (Shakti) इंजन परियोजना के लिए नई सुविधाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने सूनाबेड़ा एचएएल की उच्च-स्तरीय उत्पादन इकाइयों का भ्रमण किया और सैन्य विमानों तथा हेलीकॉप्टरों के इंजनों की निर्माण प्रक्रिया का जायजा लिया।
परिसर में उपस्थित वरिष्ठ वैज्ञानिकों और रक्षा अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए उन्होंने रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भारत को “आत्मनिर्भर” बनाने के संकल्प को दोहराया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: एसपी रोहित वर्मा
रक्षा मंत्री के दौरे को ध्यान में रखते हुए सूनाबेड़ा एचएएल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कोरापुट के पुलिस अधीक्षक (SP) रोहित वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था पर जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय रक्षा मंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में बहुस्तरीय सुरक्षा बल तैनात किया गया था।
एचएएल के मुख्य प्रवेश द्वारों, हेलीपैड और आवाजाही वाले सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल के साथ-साथ बम निरोधक दस्ते और खुफिया एजेंसियों की पैनी नजर रही। पूरे मार्ग को पूरी तरह से सैनिटाइज करने के बाद यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया गया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

