Odisha Desk, भुवनेश्वर: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को ओडिशा के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे राज्य के कोरापुट जिले में स्थित हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) की सुनाबेड़ा इकाई का दौरा करेंगे और रक्षा उत्पादन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्री सुनाबेड़ा स्थित HAL संयंत्र में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे रक्षा उत्पादन प्रक्रिया, एयरो-इंजन निर्माण तथा चल रही विभिन्न परियोजनाओं का जायजा लेंगे। इसके साथ ही वे HAL के शीर्ष अधिकारियों और रक्षा क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ सैन्य व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे।
रक्षा मंत्री के इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी उनके साथ उपस्थित रहेंगे। राज्य में रक्षा निर्माण क्षेत्र के विस्तार, HAL इकाई की कार्यक्षमता को बढ़ाने तथा क्षेत्र के ढांचागत विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सामरिक और औद्योगिक दृष्टिकोण से रक्षा मंत्री का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम के अनुसार, राजनाथ सिंह मंगलवार सुबह कोरापुट पहुंचेंगे। सुनाबेड़ा में समीक्षा बैठक और संयंत्र निरीक्षण के बाद वे अपराह्न में रायपुर के रास्ते नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। रक्षा मंत्री के आगमन को ध्यान में रखते हुए कोरापुट और सुनाबेड़ा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

