सोनीपत। उत्तराखंड के देहरादून में ‘नशा मुक्त हरियाणा और खेलों को बढ़ावा’ देने की थीम पर आयोजित हरियाणवी आर्टिस्ट चैंपियंस लीग (ACL) के दौरान स्टेडियम परिसर में शराब पीने के आरोप में तीन हरियाणवी कलाकारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। Raipur थाने की पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले का संज्ञान लिया और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की।

गिरफ्तार किए गए कलाकारों की पहचान सोनीपत के बड़खालसा गांव निवासी योगेश दहिया (34), राई क्षेत्र निवासी सचिन (34) और हिसार निवासी भूपेश कुमार (28) के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया।

11 सितंबर को वायरल हुआ था 15 सेकेंड का वीडियो

रायपुर थाना SHO संजीत के अनुसार, 11 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कुछ युवक स्टेडियम परिसर के भीतर शराब पीते और हंगामा करते दिखाई दिए थे। वायरल हुआ यह वीडियो 15 सेकेंड का है, जिसमें कलाकार योगी दहिया हाथ में शराब की बोतल लिए कई अन्य कलाकारों के बीच खड़े नजर आते हैं। वह अपनी कोहनी से मारकर बोतल का ढक्कन खोलते हैं और उसे ऊपर उठाते हैं। इसी दौरान पीछे से किसी की आवाज आती है- “वाह भाई वाह… के मारा है रै।” इसके तुरंत बाद योगी पास रखे ग्लास में शराब डालते दिखते हैं। वीडियो में टेबल पर कुछ ग्लास और खाना भी रखा हुआ नजर आ रहा है, जबकि स्टेडियम के अंदर कुछ अन्य खिलाड़ी भी मौजूद दिख रहे हैं।

विवाद के बाद पुलिस की कार्रवाई और आयोजकों का माफीनामा

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया और पुलिस एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई की। मामले को लेकर दैनिक भास्कर से बातचीत में योगेश दहिया उर्फ योगी ने कहा कि किसी ने उनके सेलिब्रेशन का वीडियो वायरल कर दिया था। वहीं, स्टेडियम में शराब पीने का मामला तूल पकड़ने के बाद हरियाणवी आर्टिस्ट चैंपियंस लीग (ACL) के आयोजकों ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक माफीनामे का पोस्टर जारी किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m