देहरादून के बड़ोवाला में बैंककर्मी पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने पूर्व प्रेमिका समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक दूसरी युवती से सगाई से नाराज पूर्व प्रेमिका ने 5 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी.
देहरादून. पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ोवाला में 8 सितंबर को बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई फायरिंग के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक सत्यम की पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान ने दूसरी युवती से उसकी सगाई से नाराज होकर हत्या की साजिश रची और 5 लाख रुपये में सुपारी दी थी. मामले में पुलिस ने मालिया समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है.
बड़ोवाला में हुई फायरिंग
पुलिस के अनुसार ज्वालापुर निवासी सत्यम कुमार 8 सितंबर को अपनी बहन के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था. जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बाइक सवार दो युवकों ने स्कूटी को ओवरटेक कर रोक लिया और जान से मारने की नीयत से गोली चला दी.
गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की.
पुलिस से मुठभेड़
11 सितंबर को पुलिस को दोनों शूटरों के दोबारा देहरादून आने की जानकारी मिली. गोरखपुर चौक पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगे.
पुलिस ने पीछा किया तो चाय बागान की पगडंडी के पास बदमाश बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे. पुलिस के मुताबिक इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में हरिद्वार निवासी अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी लक्सर निवासी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.
पूछताछ में सामने आई साजिश
पुलिस के अनुसार घायल अंकित से पूछताछ में मामले से जुड़ी पूरी साजिश सामने आई. उसने बताया कि रानीपुर निवासी मोहित के जरिए उसकी मुलाकात ज्वालापुर निवासी मालिया रहमान से हुई थी.
पुलिस का कहना है कि मालिया के कहने पर अंकित ने अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर सत्यम की हत्या की कोशिश की. इसके लिए 5 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था और अंकित को 1.20 लाख रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे.
पांच साल से था प्रेम संबंध
जांच के दौरान पुलिस को मालिया और सत्यम के पुराने संबंधों के बारे में भी जानकारी मिली. पुलिस के मुताबिक दोनों वर्ष 2020 से संपर्क में थे और करीब पांच साल से उनके बीच प्रेम संबंध था.
वर्ष 2023 में मालिया ने परिवार के दबाव में शादी कर ली थी, लेकिन सत्यम से उसका संपर्क बना रहा. बाद में उसका विवाह टूट गया. वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून आ गया.
पुलिस के मुताबिक फरवरी 2026 में सत्यम ने किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली. इसके बाद उसने मालिया से दूरी बनानी शुरू कर दी और उसे सोशल मीडिया पर भी ब्लॉक कर दिया.
फोटो और बैंक की जानकारी दी
पुलिस का आरोप है कि सत्यम से दूरी बनाए जाने से नाराज मालिया ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई. इसके लिए उसने अंकित को सत्यम की फोटो और देहरादून स्थित उसके बैंक कार्यालय की जानकारी दी थी.
इसके बाद 8 सितंबर को अंकित और अंकुर ने बड़ोवाला क्षेत्र में सत्यम पर फायरिंग की. घटना के बाद दोनों आरोपी बची हुई रकम लेने के लिए दोबारा देहरादून पहुंचे थे.
इसी दौरान पुलिस ने अंकित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया.
फरार आरोपी अंकुर की तलाश जारी है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की बाइक बरामद की है. पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी अंकित का पूर्व का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है.



