देहरादून के पटेलनगर इंडस्ट्री एरिया में निजी संस्थान के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग में साहिल नाम के युवक के कंधे पर गोली लगी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है.

देहरादून. पटेलनगर इंडस्ट्री एरिया में गुरुवार को एक निजी संस्थान के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. हथियारों से लैस युवकों ने कथित तौर पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. घटना में साहिल नाम के युवक के कंधे पर गोली लगने की सूचना है, जिसे महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

विवाद के बाद पीछा

जानकारी के अनुसार, पटेलनगर में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद बाइक सवार युवक एक कार का पीछा करते हुए सेंट ज्युड्स चौक तक पहुंचे. आरोप है कि वहां कार में सवार गुरमीत नाम के युवक ने फायरिंग की, जिसमें साहिल के कंधे पर गोली लगी. दोनों पक्षों के आरोपितों के हरियाणा निवासी होने की बात सामने आई है.

बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाले युवक कार में सवार थे और उनका बाइक सवार युवकों से विवाद चल रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक कार सुबह से सड़क किनारे खड़ी थी.

कार सवार ने की फायरिंग

दोपहर में डंडे और रॉड लेकर कुछ युवक बाइक से वहां पहुंचे. बाइक सवारों को पास आता देखकर कार में मौजूद लाल रंग की कमीज पहने एक युवक ने जमीन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.

घटना के दौरान बाइक सवार युवकों ने कार का पीछे का शीशा तोड़ दिया. फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग करने वाले युवक कौन थे और वारदात के पीछे क्या वजह थी.

प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश या विवाद से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.