विकासनगर से देहरादून जा रही निजी बस मंगलवार को सिंहनीवाला के पास बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई. हादसे में चालक और परिचालक समेत पांच लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल भेजा गया.

विकासनगर. देहरादून जा रही एक निजी बस मंगलवार को देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसे का शिकार हो गई. सिंहनीवाला के पास सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई.

हादसे के समय बस में 15 से 20 यात्री सवार थे. दुर्घटना में पांच लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि अन्य यात्रियों को चोट नहीं आई.

स्थानीय लोगों ने बचाया

बस के खेत में पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.

सूचना मिलने के बाद सहसपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. सहसपुर थाना प्रभारी मनोज नौटियाल के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे शेरपुर के पास बस संख्या UK07PA0407 के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी.

पुलिस के मुताबिक, बस विकासनगर से शिमला बाईपास होते हुए आईएसबीटी देहरादून जा रही थी. हादसे में घायल पांच लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य यात्रियों को दूसरी बस से सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया.

पांच लोग घायल

हादसे में घायल लोगों में बस चालक अकरम निवासी शेरपुर और परिचालक श्रवण निवासी शेरपुर शामिल हैं. इसके अलावा यूनुस निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, प्रदीप निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश और ज्योति देवी निवासी हर्बटपुर, विकासनगर घायल हुई हैं. पुलिस के अनुसार, सभी घायल यात्री खतरे से बाहर हैं.

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में सड़क हादसों को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से रोकथाम के प्रयास किए जा रहे हैं. इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं.