देहरादून की एमडीडीए कॉलोनी में घर में अकेली 70 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या कर दी गई. महिला के हाथ से सोने का कंगन गायब मिलने पर पुलिस लूट समेत अन्य पहलुओं से जांच कर रही है.

देहरादून. रायपुर थाना क्षेत्र की एमडीडीए कॉलोनी में गुरुवार को घर में घुसकर एक कारोबारी की पत्नी की हत्या कर दी गई. घटना के समय महिला घर में अकेली थीं और उनके हाथ से सोने का कंगन भी गायब मिला है. मृतका की पहचान 70 वर्षीय रेखा बंसल के रूप में हुई है. उनके पति दिनेश बंसल डिस्पेंसरी रोड पर किताबों की दुकान चलाते हैं.

शाम को मिली जानकारी

बताया गया कि वारदात के समय रेखा बंसल घर में अकेली थीं, जबकि उनके पति दुकान पर गए हुए थे. शाम को परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. घटना करीब सवा चार बजे की बताई जा रही है. महिला के चेहरे पर खरोंच के निशान भी पाए गए हैं.

पुलिस और एफएसएल पहुंची

सूचना मिलने पर एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के साथ रायपुर और डालनवाला थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए. घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है.

बेटे की तहरीर पर केस

महिला के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना के समय क्षेत्र में मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.

महिला के हाथ से सोने का कंगन गायब मिलने के बाद परिजन लूट के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं. पुलिस इस पहलू के साथ ही अन्य सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. दिनदहाड़े घर में घुसकर हुई हत्या की घटना से कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.

एसपी देहात जया बलोनी ने कहा कि पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. परिजनों की ओर से हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दी गई है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.