देश की राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Indira Gandhi International Airport) पर देश का पहला ‘स्काईकास्ट’ (SkyCast) वेदर मॉनीटरिंग सिस्टम स्थापित किया गया है। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह (Jitendra Singh) ने इस अत्याधुनिक प्रणाली का उद्घाटन किया। अधिकारियों के अनुसार, स्काईकास्ट एक उन्नत वेदर इंटेलिजेंस (Weather Intelligence) और नाउकास्टिंग सिस्टम है, जो एयरपोर्ट के आसपास के मौसम की सटीक और रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराएगा। इससे विशेष रूप से घने कोहरे (Dense fog), खराब दृश्यता और अचानक बदलते मौसम के दौरान उड़ानों के संचालन में आने वाली चुनौतियों को कम करने में मदद मिलेगी।

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत इंटिग्रेटेड एविएशन वेदर मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित करने वाला दुनिया का 19वां देश बन गया है। उन्होंने बताया कि राजधानी के IGI एयरपोर्ट पर देश का पहला ‘स्काईकास्ट’ (SkyCast) सिस्टम शुरू किया गया है, जबकि जेवर एयरपोर्ट देश का दूसरा एयरपोर्ट होगा, जहां यह तकनीक लगाई जाएगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि यह अत्याधुनिक प्रणाली खराब मौसम के कारण उड़ानों के संचालन में आने वाली बाधाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके जरिए एयरक्रू और पायलटों को लगभग तीन घंटे पहले तक एडवांस वेदर अलर्ट मिल सकेगा, जिससे वे टेक-ऑफ और लैंडिंग के लिए सबसे सुरक्षित समय का चयन कर पाएंगे। इससे उड़ानों के अनावश्यक डायवर्जन, रद्द होने और देरी जैसी समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि यह प्रणाली कोहरे की निगरानी, टर्बुलेंस (हवा के झटकों) की पहचान और उच्च प्रभाव वाले मौसम संबंधी पूर्वानुमान के लिए कई आधुनिक वायुमंडलीय अवलोकन तकनीकों को एकीकृत करती है। स्काईकास्ट में ऐसे उन्नत उपकरण भी लगाए गए हैं जो कोहरे की स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे। मंत्री ने कहा कि यह तकनीक विशेष रूप से दिल्ली जैसे शहरों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी, जहां वायु प्रदूषण के कण कोहरे के साथ मिलकर दृश्यता को गंभीर रूप से प्रभावित करते हैं।

क्या होंगे फायदे

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के CEO विदेह कुमार  ने कहा कि ‘स्काईकास्ट’ (SkyCast) प्रणाली दिल्ली एयरपोर्ट को यात्रियों के लिए अधिक सुरक्षित, सक्षम और भविष्य के लिए तैयार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मौसम की परिस्थितियां बहुत तेजी से बदल सकती हैं और ऐसे में सटीक एवं रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध होना बेहद महत्वपूर्ण है। इससे न केवल जमीन पर होने वाले एयरपोर्ट संचालन बल्कि हवा में उड़ान भर रहे विमानों के संचालन पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

यह अत्याधुनिक प्रणाली एयरपोर्ट संचालन टीमों, पायलटों और एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों को मौसम संबंधी सटीक और त्वरित जानकारी उपलब्ध कराएगी। इससे वे बदलती परिस्थितियों के अनुरूप अधिक तेजी और बेहतर तरीके से निर्णय ले सकेंगे, जिससे उड़ान सुरक्षा और संचालन दक्षता दोनों में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि स्काईकास्ट के जरिए मौसम की निगरानी और पूर्वानुमान की क्षमता मजबूत होगी, जिससे खराब मौसम के दौरान उड़ानों में देरी, डायवर्जन और अन्य परिचालन चुनौतियों को कम करने में मदद मिलेगी।

क्या है स्काईकास्ट सिस्टम

‘स्काईकास्ट’ (SkyCast) एक अगली पीढ़ी का विमानन मौसम विज्ञान (Aviation Meteorology) प्लेटफॉर्म है, जिसे हवाई अड्डों और विमानन संचालन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यह उन्नत रिमोट सेंसिंग तकनीकों, वायुमंडलीय प्रोफाइलिंग सिस्टम और इंटेलिजेंट नाउकास्टिंग उपकरणों को एकीकृत कर वास्तविक समय में मौसम की सटीक निगरानी और पूर्वानुमान उपलब्ध कराता है।

इस अत्याधुनिक प्रणाली की मदद से उड़ान संचालन को प्रभावित करने वाली तेजी से बदलती मौसमीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा सकती है। स्काईकास्ट विभिन्न वायुमंडलीय मानकों की सतत जानकारी प्रदान करता है, जिससे एयरपोर्ट संचालन टीमों, पायलटों और एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों को समय रहते आवश्यक निर्णय लेने में मदद मिलती है। सिस्टम के जरिए तापमान और आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) की प्रोफाइल, वायुमंडल में जलवाष्प के घनत्व, बादलों में मौजूद तरल जल की मात्रा, हवा की गति और दिशा तथा पवन चक्रों (विंड सर्कुलेशन) के निर्माण जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां लगातार प्राप्त होती रहती हैं। इन आंकड़ों के आधार पर मौसम में होने वाले अचानक बदलावों का पूर्वानुमान अधिक सटीक तरीके से लगाया जा सकता है।

कैसे काम करता है स्काईकास्ट सिस्टम

स्काईकास्ट (SkyCast) प्रणाली को विमानन क्षेत्र की मौसम संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों से लैस किया गया है। यह सिस्टम सतह से लगभग 10 किलोमीटर की ऊंचाई तक वायुमंडलीय स्थितियों का विश्लेषण करने में सक्षम है। इसके जरिए हवा की गति, दिशा और अन्य महत्वपूर्ण मौसमीय गतिविधियों का कई किलोमीटर दूर तक सटीक अवलोकन किया जा सकता है। यह उन्नत प्लेटफॉर्म विंड शीयर (हवा की गति या दिशा में अचानक बदलाव) की तीव्रता और गहराई का पता लगाने के साथ-साथ सामने से आने वाली हवा (हेडविंड), पीछे से आने वाली हवा (टेलविंड) और बगल से आने वाली हवा (क्रॉसविंड) की जानकारी भी उपलब्ध कराता है।

इसके अलावा यह वायुमंडलीय स्थिरता संकेतकों, तापमान में अचानक बदलाव, कोहरे के निर्माण, विमानों पर बर्फ जमने की संभावना और तूफान या बारिश से जुड़ी महत्वपूर्ण मौसमीय विशेषताओं का भी आकलन कर सकता है। स्काईकास्ट को विजएयर (VizAir) सॉफ्टवेयर सूट का समर्थन प्राप्त है, जो विभिन्न मौसमीय आंकड़ों का विश्लेषण कर उन्हें उपयोगी परिचालन जानकारी में बदलता है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से मौसम वैज्ञानिकों, एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों, पायलटों और अन्य संबंधित हितधारकों को रियल-टाइम और सटीक मौसम संबंधी सूचनाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m