दिल्ली विधानसभा के स्पीकर (Delhi Assembly Speaker) विजेंद्र गुप्ता ( Vijender Gupta) को मंगलवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी (bomb threat) मिली। पुलिस के मुताबिक, मामले में सभी जरूरी सुरक्षा और जांच प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। फिलहाल मामले से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार है। इससे पहले अप्रैल में दिल्ली विधानसभा को लगातार कई बम धमकी वाले ईमेल मिले थे। इन धमकियों के बाद विजेंद्र गुप्ता की सुरक्षा बढ़ाते हुए उन्हें Z-कैटेगरी की सुरक्षा दी गई थी।

विधानसभा सचिवालय और स्पीकर के कार्यालय को पहले करीब 6 से 7 धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। लगातार मिल रही बम धमकियों के बाद ही अप्रैल में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को Z-कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की गई थी। विधानसभा सचिवालय के अनुसार, सुरक्षा बढ़ाने का फैसला कई लक्षित धमकियों और एक हाई-प्रोफाइल सुरक्षा चूक को ध्यान में रखते हुए लिया गया था। Z-कैटेगरी की बढ़ी हुई सुरक्षा व्यवस्था के तहत गुप्ता को विशेष सुरक्षा दल की ओर से चौबीसों घंटे सुरक्षा दी जा रही है। इसके अलावा उनकी आवाजाही के लिए समर्पित एस्कॉर्ट वाहन भी उपलब्ध कराया गया है।

पहले भी मिल चुकी हैं कई बम धमकियां

वहीं, पिछले महीने स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले दिल्ली हाई कोर्ट, एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 और कई अन्य सरकारी कार्यालयों को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित परिसरों में तलाशी और सुरक्षा जांच की थी। हालांकि, जांच के बाद इन सभी धमकियों को फर्जी पाया गया था। अब दिल्ली विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को दोबारा बम धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और मामले की जांच की जा रही है।

पांच सरकारी ठिकानों को भी मिली थी धमकी

एक पुलिस सूत्र के मुताबिक, दिल्ली छावनी स्थित SDM कार्यालय, IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3, जामनगर हाउस, साकेत SDM कार्यालय और झंडेवालान अग्निशमन नियंत्रण कक्ष को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले थे। ईमेल मिलने के बाद दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अग्निशमन सेवा की टीमें सभी पांच स्थानों पर पहुंचीं और गहन तलाशी एवं सुरक्षा जांच की। जांच के बाद इन सभी स्थानों पर मिली धमकियों को फर्जी करार दिया गया था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m