Delhi Food Safety Inspection Online Food Delivery: त्योहारी सीजन में सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने बाजारों, खाद्य भंडारण केंद्रों और खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठानों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली सीएम के निर्देश पर दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी और रिटेल कंपनियों के खाद्य भंडारण केंद्रों में छापा मारा। जांच में ऑनलाइन फूड डिलीवरी के स्टोर में जो खामियां मिली वो हर किसी को सकते में डाल दिया। जांच में कई जगहों पर एक्सपायर्ड फूड, गंदगी, मक्खियां, मच्छर और छिपकली मिलीं। साथ ही खाद्य पदार्थों को तय तापमान पर नहीं रखने और कीट नियंत्रण की सही व्यवस्था नहीं होने जैसी खामियां भी मिली।

सीएम ऑफिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों को निर्धारित तापमान पर नहीं रखा जा रहा था। इसके अलावा साफ-सफाई और कीट नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं में भी गंभीर कमियां पाई गईं।

दिल्ली के उत्तम नगर में एक फूड कंपनी के परिसर की जांच के दौरान अधिकारियों को कई ऐसे खाद्य पदार्थ मिले, जिनकी एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। इनमें फ्रोजन हरी मटर, ग्रीक योगर्ट, बिना अंडे वाली चॉकलेट चिप ब्राउनी और गाय के घी से बने उत्पाद शामिल थे। अधिकारियों ने इन उत्पादों को खाद्य सुरक्षा मानकों के लिहाज से जांच के दायरे में लिया। वहीं वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक अन्य कंपनी के परिसर में जांच के दौरान साफ-सफाई की गंभीर खामियां सामने आईं। अधिकारियों को परिसर में मक्खियां, मच्छर और एक छिपकली मिली। इसके अलावा कई जगह मकड़ी के जाले भी पाए गए। जांच के दौरान अधिकारियों को परिसर की सफाई का शेड्यूल और उससे संबंधित चेकलिस्ट भी उपलब्ध नहीं कराई।

दरियागंज में गंदे क्रेट और धूल, चूहों से बचाव के इंतजाम भी नाकाफी

दिल्ली के दरियागंज में एक प्रमुख ऑनलाइन फूड एग्रीगेटर के परिसर की जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण वाले स्थानों पर गंदे क्रेट और धूल मिली. इसके अलावा चूहों को पकड़ने के लिए लगाए जाने वाले ट्रैप भी पर्याप्त संख्या में नहीं थे। अधिकारियों के मुताबिक, जो ट्रैप मौजूद थे, उन्हें भी उचित स्थानों पर नहीं लगाया गया था। वहीं, इसी फूड एग्रीगेटर के रोहिणी स्थित स्टोर में खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिली. इससे एक उत्पाद के दूसरे उत्पाद के संपर्क में आने से दूषित होने यानी क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा था।

देसी घी के 59 सैंपल में से 19 असुरक्षित

खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में देसी घी की गुणवत्ता को लेकर भी चिंताजनक तथ्य सामने आए हैं। सरकार के मुताबिक, देसी घी के कुल 59 नमूनों की जांच की गई, इनमें से 19 नमूने असुरक्षित पाए गए। जबकि चार नमूने खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरे। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी एकत्र किए गए हैं। जिन प्रतिष्ठानों में खामियां पाई गई हैं, उन्हें सुधार नोटिस जारी किए गए हैं।

CM रेखा गुप्ता ने निगरानी बढ़ाने के दिए निर्देश

बता दें कि सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को बाजारों, खाद्य भंडारण केंद्रों और खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठानों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चला रही है। इस दौरान कई ऑनलाइन फूड डिलीवरी और रिटेल कंपनियों के स्टोरेज सेंटरों की जांच की गई।

SIR पर चुनाव आयोग में फूट! 10 महीने में 14 बार दो चुनाव आयुक्तों ने फैसलों पर जताई नाराजगी, जानकारी के बिना निर्णय लेने का लगाया आरोप

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m