Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (28 अगस्त 2026) की खबरों में जज को निशाना बनाकर वीडियो डालना पड़ा भारी, बलजीत नगर में भीषण आग से मची अफरातफरी, दिल्ली रेस क्लब पर बुलडोजर चला, दिल्ली में बनेगा अनोखा डबल डेकर कॉरिडोर प्रमुख रहा।

जज को निशाना बनाकर वीडियो डालना पड़ा भारी
दिल्ली हाई कोर्ट ने एक मौजूदा न्यायाधीश को निशाना बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वीडियो अपलोड करने के मामले में यूजर डॉ. कपिल कक्कड़ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने पूछा है कि उनके खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए। साथ ही पीठ ने उनके सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स और हैंडल ब्लॉक करने के 8 जून के आदेश को वापस लेने से इनकार कर दिया।

बलजीत नगर में भीषण आग से मची अफरातफरी
नई दिल्ली: दिल्ली के बलजीत नगर में एक इमारत में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में इमारत से घना धुआं निकलने लगा और लपटें तेजी से फैलने लगीं। इस दौरान तीसरी मंजिल पर चार लोग फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने अपनी जान की परवाह किए बिना रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात है कि हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

दिल्ली रेस क्लब पर बुलडोजर चला
Bulldozer Action On Delhi Race Club Land: ऐतिहासिक दिल्ली रेस क्लब की जमीन पर बुलडोजर गरजा है। दिल्ली रेस क्लब की 84 एकड़ जमीन को केंद्र सरकार ने अपने कब्जे में ले लिया है। जमीन पर बने पुराने और जर्जर ढांचों को पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में गिराया गया। इसके बाद लुटियंस दिल्ली की बेहद कीमती जमीन पर अब केंद्र सरकार का कब्जा हो गया।

दिल्ली में बनेगा अनोखा डबल डेकर कॉरिडोर
आउटर और नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के साथ हरियाणा सीमा से सटे इलाकों में रहने वाले लाखों दैनिक यात्रियों के लिए आने वाले समय में सफर आसान और आधुनिक होने की उम्मीद है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने फेज-4 के बहुप्रतीक्षित रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण को गति देने की दिशा में एक और कदम उठाया है। इसके तहत DMRC ने कॉरिडोर के लिए दूसरा टेंडर जारी कर दिया है। रिठाला-कुंडली कॉरिडोर फेज-4 की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसके शुरू होने से दिल्ली के बाहरी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को हरियाणा के कुंडली क्षेत्र से बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
मुस्कान की हत्या का आरोपी इमरान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में 21 वर्षीय छात्रा और मॉडल मुस्कान की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी इमरान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को राजा गार्डन स्थित होम गार्डन ग्राउंड के पास हुई मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी इमरान के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में प्याज के बढ़ते दाम पर रेखा सरकार का एक्शन: देश के कई शहरों में प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच दिल्ली सरकार ने लोगों को राहत देने की तैयारी पूरी कर ली है। राजधानी में अब 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज की खुदरा बिक्री की जाएगी। इसके लिए प्याज से लदे कई ट्रक और मोबाइल वैन तैयार कर लिए गए हैं। इन मोबाइल वैन पर नेफेड (NAFED) के पोस्टर लगाए गए हैं, जिन पर लिखा है- ‘किसान से किचन तक, प्याज हर घर के लिए’। (पढ़े पूरी खबर)
MBBS डॉक्टरों के समर्थन में उतरे अरविंद केजरीवाल: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने राजधानी में MBBS डॉक्टरों के विरोध प्रदर्शन को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स एग्जामिनेशन (FMGE) में सुधार और गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है। केजरीवाल ने गुरुवार को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए डॉक्टरों के प्रदर्शन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि FMGE से जुड़े मुद्दों और GTB अस्पताल में हेल्थकेयर सर्विस को लेकर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने सरकार से इन मामलों पर गंभीरता से विचार करने और संबंधित पक्षों की चिंताओं का समाधान करने की अपील की। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के आदर्श नगर में विकास के साथ पर्यावरण पर जोर: दिल्ली सरकार के उद्योग एवं पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा (Manjindar Singh Sirsa) ने गुरुवार को आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर औद्योगिक अवसंरचना, पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और हरित क्षेत्र से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को क्षेत्र में सड़क और जल निकासी व्यवस्था को टिकाऊ बनाने के निर्देश दिए। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के दो बड़े 5-स्टार होटलों की किचन में गंदगी: दिल्ली के दो बड़े होटलों में खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर लापरवाही सामने आई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने एयरोसिटी स्थित JW मैरियट और अंदाज होटल का निरीक्षण करने के बाद दोनों को नोटिस जारी किया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को खाद्य पदार्थों के स्टोरेज से लेकर किचन की साफ-सफाई तक कई खामियां मिलीं। (पढ़े पूरी खबर)
देश का गद्दार कपल: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की स्पेशल सेल ने दिल्ली आईएसआई जासूसी मॉड्यूल का फंडाफोड़ किया है। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर पाकिस्तान के लिए जासूसी (Spying for Pakistan) कर रहे दंपती को गिरफ्तार किया है। देश के ये गद्दार कपल (Traitor couple arrested) दिल्ली में बैठकर पाकिस्तान के लिए काम कर रहे थे। चंद पैसे के लिए दोनों ने देश से गद्दारी कर डाला। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय मोहम्मद साहिल और उसकी 21 वर्षीय पत्नी समीरा के रूप में हुई है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


