Delhi-Mumbai Expressway: दिल्ली-एनसीआर में रोजाना सफर करने वाले लोगों के लिए सफर सुहाना और आसान होने जा रहा है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का उद्घाटन जल्द ही पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे। फिलहाल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के दिल्ली सेक्शन का बचा हुआ करीब 9 किलोमीटर हिस्सा अब ट्रायल के लिए वाहनों के इस्तेमाल में आ गया है। इससे ‘दिल्ली टू फरीदाबाद’ और जेवर का सफर आसान होगा। इस एक्सप्रेस-वे से डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक खुले इस हिस्से से आने वाले समय में आश्रम, कालिंदी कुंज और फरीदाबाद की ओर जाने वाले ट्रैफिक को नया विकल्प मिलने की उम्मीद है।

ट्रायल के लिए खोले गए एक्सप्रेसवे पर पहले दिन अपेक्षाकृत कम वाहन दिखाई दिए। इसकी एक वजह यह भी रही कि आम यात्रियों के बीच ट्रायल शुरू होने की जानकारी व्यापक रूप से नहीं पहुंची थी। फिलहाल इसे पूरी तरह नियमित संचालन के बजाय परीक्षण के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।

NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर धीरज सिंह के अनुसार, एक्सप्रेसवे के इस हिस्से को फिलहाल ट्रायल के लिए खोला गया है। आधिकारिक तौर पर इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। उद्घाटन कार्यक्रम की तारीख जल्द सामने आने की संभावना है। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का उद्देश्य फरीदाबाद को सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ना है। अभी फरीदाबाद से जेवर जाने के लिए करीब 40 किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ता है। मौजूदा मार्ग पर मोहना पुल से होकर जाने में यातायात के हिसाब से करीब सवा घंटे से डेढ़ घंटे तक लग जाते हैं। नई सड़क तैयार होने के बाद यही सफर करीब 25 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है।

असली तस्वीर जेवर कनेक्टिविटी पूरी होने के बाद बदलेगी

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का यह हिस्सा अकेले ही महत्वपूर्ण है, लेकिन आने वाले समय में इसकी उपयोगिता और बढ़ने वाली है। योजना के मुताबिक करीब एक साल में इसे स्पर के जरिए जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा। इससे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और नए एयरपोर्ट के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा। इसी कड़ी में फरीदाबाद-जेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे भी तैयार किया जा रहा है। करीब 32 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में 23 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा और 9 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में होगा।

फिलहाल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के इस हिस्से का ट्रायल शुरू हुआ है, लेकिन आगे जेवर एयरपोर्ट और फरीदाबाद-जेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी जुड़ने के बाद इस कॉरिडोर की उपयोगिता और बढ़ जाएगी। खास तौर पर फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक करीब 25 मिनट में पहुंचने की सुविधा इस पूरे सड़क नेटवर्क की बड़ी उपलब्धि साबित हो सकती है।

पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m