Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (6 नवंबर 2026) की खबरों में Delhi Chhath Puja 2026: छठ व्रतियों को LG की बड़ी सौगात, वोटर लिस्ट विवाद में सोनिया गांधी की बढ़ी मुश्किलें, CM रेखा गुप्ता को बड़ी राहत, FIR दर्ज कराने की मांग खारिज, धनतेरस पर दिल्ली-NCR में महाजाम प्रमुख रहा।

Delhi Chhath Puja 2026: छठ व्रतियों को LG की बड़ी सौगात
दिल्ली में छठ पूजा 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि यमुना के बाढ़ क्षेत्र (फ्लडप्लेन) समेत DDA के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सार्वजनिक स्थानों और पार्कों में छठ पूजा के लिए घाट बनाने की जगह और तालाब की सुविधा मुफ्त उपलब्ध कराई जाए।

वोटर लिस्ट विवाद में सोनिया गांधी की बढ़ी मुश्किलें
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से जुड़े मतदाता सूची विवाद में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने अहम कदम उठाया है। अदालत ने मामले में शिकायतकर्ता की पुनरीक्षण याचिका स्वीकार करते हुए अतिरिक्त दस्तावेज दाखिल करने की अनुमति दे दी है। यह मामला सोनिया गांधी का नाम भारतीय नागरिकता मिलने से पहले ही मतदाता सूची में शामिल किए जाने के आरोपों से जुड़ा है। एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (ACJM) विनोद जोशी ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 नवंबर की तारीख तय की है।

CM रेखा गुप्ता को बड़ी राहत, FIR दर्ज कराने की मांग खारिज
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को अधिकारियों की तुलना भगवान हनुमान से करने के मामले में अदालत से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने मुख्यमंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। यह मामला 23 सितंबर 2025 को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दिए गए उनके कथित बयान से जुड़ा है। याचिका के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के अधिकारियों की तुलना भगवान हनुमान से की थी।
धनतेरस पर दिल्ली-NCR में महाजाम
धनतेरस के मौके पर शुक्रवार शाम दिल्ली-एनसीआर में भीषण ट्रैफिक जाम देखने को मिला। दिवाली की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भारी भीड़ के चलते राजधानी की सड़कें वाहनों से पट गईं। कई प्रमुख मार्गों पर किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। सड़कों पर वाहनों की लाल टेल-लाइट्स का लंबा सिलसिला नजर आया। त्योहार की रौनक के बीच ट्रैफिक व्यवस्था पर भी भारी दबाव देखने को मिला।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: दिल्ली में दिवाली और सर्दियों की शुरुआत के साथ ही वायु प्रदूषण का संकट गहराने लगा है। राजधानी की जहरीली हवा को लेकर अब सुप्रीम कोर्ट ने भी सख्त रुख अपनाया है। मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कहा कि वाहनों और निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाना प्रदूषण रोकने का पुराना और विफल तरीका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पाबंदियां लगाने से इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलेगा, बल्कि इसके लिए सामाजिक और सांस्कृतिक बदलाव जरूरी हैं। (पढ़े पूरी खबर)
दिवाली पर दिल्ली में आतिशबाजी के लिए टाइम फिक्स: Delhi Firecrackers Rules: दीपावली के त्योहार से पहले दिल्ली सरकार ने आतिशबाजी को लेकर लोगों से विशेष अपील की है। सरकार ने दिल्ली-NCR के निवासियों से कहा है कि वे त्योहार के दौरान निर्धारित दिन और तय समय-सीमा के भीतर ही पटाखे फोड़ें। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखों की ही बिक्री और इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। सरकार की ओर से लोगों से पर्यावरण और वायु गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी के साथ दीपावली मनाने की अपील की गई है। निर्देशों के मुताबिक, पटाखों के इस्तेमाल में निर्धारित नियमों और समय-सीमा का पालन करना जरूरी होगा। (पढ़े पूरी खबर)
सौरभ भारद्वाज के खिलाफ मानहानि केस में नया मोड़: दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा (Parvesh Verma) और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज के बीच मानहानि का मामला एक बार फिर अदालत पहुंच गया है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने प्रवेश वर्मा की ओर से दायर रिवीजन पिटीशन पर नोटिस जारी किया है। इस याचिका में उन्होंने सौरभ भारद्वाज के खिलाफ दायर अपनी मानहानि की शिकायत खारिज किए जाने के फैसले को चुनौती दी है। (पढ़े पूरी खबर)
सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 6 सितंबर को हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे के मामले में दिल्ली पुलिस ने अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस हादसे में 7 लोगों की जान चली गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे। पुलिस ने मामले की जांच पूरी करने के बाद छह आरोपियों को चार्जशीट में नामजद किया है। जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद दिल्ली पुलिस के साउथ कैंपस थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल की और अब अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है। (पढ़े पूरी खबर)
विदेशी फंडिंग के आरोपों पर आशुतोष रांका का पलटवार: केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह (Jitendra Singh) की ओर से सीजेपी के नेताओं को विदेश से फंडिंग मिलने के आरोप लगाए जाने के बाद आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) ने पलटवार किया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के आरोपों पर सवाल उठाते हुए उनके पुराने संपर्कों और मुलाकातों का जिक्र किया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान आशुतोष रांका ने कहा कि जितेंद्र सिंह से पूछा जाना चाहिए कि यदि सीजेपी के नेताओं को विदेशी फंडिंग मिल रही थी तो वे उनसे हाथ क्यों मिला रहे थे और बातचीत क्यों कर रहे थे? रांका ने आगे कहा, “वे हमारे साथ बैठकर चाय पी रहे थे और हमें नाश्ता खिला रहे थे। आप उनसे इन बातों का जवाब पूछिए।” (पढ़े पूरी खबर)
चावड़ी बाजार हादसे पर CM रेखा गुप्ता का बड़ा एक्शन: दिल्ली के चावड़ी बाजार स्थित गली सितारा में निर्माणाधीन इमारत ढहने के मामले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने सख्त कार्रवाई की है। हादसे में दो लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री खुद घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मामले में लापरवाही बरतने के आरोपों के बीच संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित सहायक अभियंता (AE) मोहम्मद नदीम और कनिष्ठ अभियंता (JE) अमन दलाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव अभियान की स्थिति का निरीक्षण किया। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली की गफ्फार मार्केट में आग का तांडव: राजधानी दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में गुरुवार देर रात एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसे काबू करने के लिए दमकल विभाग की 22 गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटे हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। करोल बाग की गफ्फार मार्केट के 13 ब्लॉक स्थित ‘चेन वाली गली’ में पुरी प्लाजा की एक दुकान में गुरुवार देर रात आग लग गई। दमकल विभाग को रात करीब 1:30 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए कुल 22 दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

