नई दिल्ली: दिल्ली के राजस्व विभाग में पटवारियों की कमी दूर करने के लिए भर्ती नियमों में अहम बदलाव किया गया है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को पटवारी पद पर नियुक्ति के लिए संशोधित भर्ती नियमों को मंजूरी दे दी। नए नियमों के तहत अब किसी भी विषय में स्नातक उम्मीदवार पटवारी पद के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही एक साल के कंप्यूटर डिप्लोमा की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है।
Delhi Patwari Vacancy: 170 पद खाली, भर्ती प्रक्रिया होगी आसान
दिल्ली के राजस्व विभाग में पटवारी के कुल 230 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से केवल 60 पर कर्मचारी कार्यरत हैं। इस तरह विभाग में 170 पद खाली हैं। कर्मचारियों की कमी के कारण विभागीय कामकाज प्रभावित हो रहा है।
पिछली भर्ती प्रक्रिया में कंप्यूटर डिप्लोमा की अनिवार्य योग्यता पूरी करने वाले पर्याप्त उम्मीदवार नहीं मिलने के बाद नियमों में बदलाव का फैसला लिया गया। इसका उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को सरल बनाकर रिक्त पदों को भरना है।
गणित और कंप्यूटर डिप्लोमा की अनिवार्यता खत्म
पुराने नियमों के तहत पटवारी पद के लिए 12वीं पास होने के साथ गणित विषय और मान्यता प्राप्त संस्थान से एक साल का कंप्यूटर डिप्लोमा जरूरी था। स्नातक डिग्री, सर्वेक्षण संबंधी योग्यता और मैदानी अनुभव को अतिरिक्त योग्यता के रूप में रखा गया था।
संशोधित नियमों के अनुसार, अब मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। कंप्यूटर, सर्वेक्षण और मानचित्रण का तीन महीने का प्रशिक्षण नियुक्ति के बाद विभाग की ओर से दिया जाएगा।
सीधी भर्ती के साथ प्रतिनियुक्ति से भी होगी नियुक्ति
नए नियमों के तहत पटवारी के पदों को सीधी भर्ती के अलावा प्रतिनियुक्ति के माध्यम से भी भरा जा सकेगा। केंद्र, राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की सरकारों में समकक्ष पद पर नियमित रूप से कार्यरत और पे-बैंड-2 में तीन साल की सेवा पूरी कर चुके स्नातक कर्मचारी निर्धारित शर्तों के अनुसार पात्र होंगे। वहीं, विभागीय उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 27 वर्ष से बढ़ाकर 40 वर्ष कर दी गई है।
पटवारी के 12 अतिरिक्त पद भी स्वीकृत
राजस्व विभाग में नए जिलों के गठन के मद्देनजर पटवारी के 12 अतिरिक्त पद सृजित किए गए हैं। इससे स्वीकृत पदों की संख्या 218 से बढ़कर 230 हो गई है। नए भर्ती नियमों से रिक्त पदों को भरने और राजस्व विभाग के कामकाज में तेजी लाने की उम्मीद है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

