INDIA ब्लॉक के 140 से अधिक सांसद मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च कर रहे हैं। विपक्षी सांसदों का यह मार्च चुनाव आयोग के मुख्यालय तक प्रस्तावित है। मार्च के मद्देनजर नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) और केंद्रीय सशस्त्र बलों के करीब 4,000 जवानों की तैनाती की गई है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान भी तैनात हैं। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग के लिए पुलिसकर्मी बॉडी कैमरों का इस्तेमाल कर रहे हैं। नई दिल्ली जिले के डीसीपी समेत कई पुलिसकर्मी बॉडी कैमरा लगाकर ड्यूटी करते नजर आए।
CJP प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने बॉडी कैमरों का इस्तेमाल बढ़ाया
इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर कई आरोप लगाए गए थे। इसके बाद प्रदर्शन स्थलों पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए बॉडी कैमरों के इस्तेमाल पर जोर दिया गया है। मौजूदा प्रदर्शन के दौरान नई दिल्ली जिले के डीसीपी सचिन शर्मा समेत कई पुलिसकर्मी बॉडी कैमरा लगाकर ड्यूटी करते नजर आए। बॉडी कैमरों का उद्देश्य प्रदर्शन के दौरान होने वाली घटनाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग रखना है। इससे किसी घटना को लेकर पुलिस पर आरोप लगने की स्थिति में उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की जांच और पुलिस का पक्ष स्पष्ट करने में मदद मिल सकती है।
3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
विपक्ष के प्रस्तावित विरोध मार्च को देखते हुए नई दिल्ली जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुरुषों की 27 कंपनियां और महिलाओं की 4 कंपनियां तैनात की गई हैं। आम तौर पर एक पुलिस कंपनी में करीब 100 से 115 जवान होते हैं। संसद भवन, पार्लियामेंट स्ट्रीट गोलचक्कर और निर्वाचन सदन समेत कई अहम स्थानों पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। प्रस्तावित मार्च से पहले निर्वाचन सदन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। यहां रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान भी बड़ी संख्या में तैनात हैं।
मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। इसके तहत कनॉट प्लेस, पटेल चौक- मुख्य डाकघर, विंडसर प्लेस- मुख्य डाकघर, अशोक रोड, जंतर-मंतर रोड और आसपास के इलाकों में जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से इन मार्गों पर यात्रा के दौरान वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

