दिल्ली के रामलीला मैदान में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक की महारैली शुरू हो गई है। रैली में राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत 20 से अधिक विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए हैं। रैली का आयोजन शाम 5 बजे तक किया जाना है।

खड़गे का केंद्र सरकार पर निशाना

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रामलीला मैदान के मंच से केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष ज्ञानेश कुमार को बचने नहीं देगा और उन्हें हटाकर ही दम लेगा, खड़गे ने आरोप लगाया कि ये सरकार चोरी की सरकार है और इसे हटना होगा। उन्होंने ये भी दावा किया की पीएम मोदी और अमित शाह ज्ञानेश कुमार को बचा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने नारा दिया- ‘मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ।’

कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़

दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘INDIA’ गठबंधन की महारैली है. इस रैली में विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ कार्यकर्ता, छात्र संगठन और नागरिक समाज के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। INDIA ब्लॉक की रैली में बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। रैली का ड्रोन से लिया गया वीडियो सामने आया है, जिसमें कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ नजर आ रही है।

मिंटो ब्रिज से रामलीला मैदान तक निकाला मार्च

महारैली से पहले INDIA ब्लॉक के नेताओं ने दिल्ली में मार्च निकाला। सुबह करीब 11 बजे सांसद कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में जुटने लगे, जबकि गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं की बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई।

इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे नेताओं ने मिंटो ब्रिज से मार्च शुरू किया। मार्च मिंटो रोड जंक्शन और अजमेरी गेट से होते हुए रामलीला मैदान पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक नेताओं के साथ नजर आए।

राहुल गांधी का आरोप- भाजपा ने जबरन बंद करवाईं दुकानें

रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि महारैली में शामिल होने की अपील के बीच कनॉट प्लेस में दुकानों को जबरन बंद करवाया गया। उन्होंने कहा, “हमने लोगों से कहा कि आप महारैली के लिए आएं, तो खरीदारी करें। मगर कनॉट प्लेस में आते हुए हमें पता लगा कि भाजपा ने दुकानें जबरदस्ती बंद करवा दी।” राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि दुकानों के बंद होने से व्यापारियों को हुए नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा।

250 CCTV कैमरों से निगरानी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रामलीला मैदान में रैली को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, पूरे इलाके में 200 से 250 CCTV कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। मैदान में बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा कर्मियों को अलग-अलग जोन में तैनात किया गया है। मैदान में प्रवेश के लिए आठ द्वार बनाए गए हैं, जिनमें से तीन द्वार आम लोगों के लिए खोले जाने की जानकारी दी गई है।

20 से ज्यादा विपक्षी दलों के नेता शामिल

रैली में प्रियंका गांधी, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, फारूक अब्दुल्ला, सुप्रिया सुले और केसी वेणुगोपाल समेत कई प्रमुख नेता मौजूद हैं। विपक्षी दलों की यह महारैली SIR प्रक्रिया और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर राजनीतिक बहस के बीच आयोजित की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m