दिल्ली-NCR में गर्मी अब लगातार कहर बरपा रही है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार को राजधानी में भीषण गर्मी (Scorching heat) का दौर जारी रहा और तापमान कई वर्षों के रिकॉर्ड के करीब पहुंच गया। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.7 डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने बताया कि यह राजधानी में पिछले लगभग 14 वर्षों में मई महीने की सबसे गर्म रात रही। रात में भी तापमान में राहत न मिलने से लोगों को उमस और गर्मी का दोहरा सामना करना पड़ रहा है।
14 साल का टूटा रिकॉर्ड
IMD के मुताबिक, सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक है। विभाग ने बताया कि मई महीने में दर्ज किया गया यह अब तक के सबसे अधिक न्यूनतम तापमानों में से एक है। इससे पहले 26 मई 2012 को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। यानी करीब 14 साल बाद राजधानी ने इतनी गर्म रात का अनुभव किया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में भी गर्म रातों का दौर देखने को मिला था। 21 मई को भी न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जिसने लोगों को रात में भी राहत नहीं दी।
राजधानी के कई इलाकों में सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि रात का तापमान भी सामान्य से काफी ऊपर बना रहा। पालम में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा। लोदी रोड में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री ज्यादा है। रिज क्षेत्र में तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं आयानगर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है।
रात के तापमान में भी भारी बढ़ोतरी देखने को मिली। पालम में न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है। लोदी रोड में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा रहा। रिज में यह 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है। जबकि आयानगर में न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक है। IMD के एक अधिकारी ने कहा कि सफदरजंग, लोदी रोड और आयानगर में रात काफी गर्म रही, जिससे लोगों को देर रात तक गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।
कब मानी जाती है गर्म रात?
किसी क्षेत्र में ‘गर्म रात’ घोषित करने के लिए दो प्रमुख मानक तय किए गए हैं। पहला, उस दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना चाहिए। दूसरा, न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज होना चाहिए।
पिछले 24 घंटों में कितना रहा तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया, लेकिन न्यूनतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखी गई है। इससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। आईएमडी के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। दिन के समय राजधानी में पश्चिमी हवाएं चलती रहीं, जिनकी गति 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही। कई स्थानों पर हवा के तेज झोंकों के साथ इसकी रफ्तार बढ़कर 37 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई।
आज कितना रहेगा तापमान?
दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप फिलहाल जारी रहने वाला है। मंगलवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। आज आसमान साफ रहेगा और कई इलाकों में लू तथा गर्म रातों जैसी स्थिति बनी रह सकती है। दिन के समय जमीन की सतह पर तेज पश्चिमी हवाएं चलने का अनुमान है, जिनकी रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। वहीं, हवा के तेज झोंकों के साथ इसकी गति कभी-कभी 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज और बुधवार तक लोगों को गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना नहीं है। बुधवार को अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि इसके बाद तापमान में 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। बढ़ती गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए एडवाइजरी भी जारी की है। विभाग ने सलाह दी है कि लोग शरीर में पानी की कमी न होने दें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। साथ ही हल्के रंग के, ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनें और दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें।
बिजली मांग पहुंची 8,439 मेगावाट
भीषण गर्मी का असर अब बिजली खपत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। लगातार बढ़ते तापमान और लू के चलते राजधानी में बिजली की मांग नए रिकॉर्ड बना रही है। सोमवार को दिल्ली में बिजली की मांग बढ़कर 8,439 मेगावाट तक पहुंच गई, जो इस सीजन की अब तक की सबसे अधिक मांग है। बिजली कंपनियों के अनुसार, पिछले 6 दिनों में यह चौथी बार है जब राजधानी में बिजली की मांग 8 हजार मेगावाट के पार पहुंची है। इससे पहले 21 मई को बिजली की मांग 8,231 मेगावाट और 20 मई को 8,039 मेगावाट दर्ज की गई थी।
आंकड़ों के मुताबिक, पिछले वर्ष मई महीने में दिल्ली में अधिकतम बिजली मांग 8,302 मेगावाट तक पहुंची थी, जबकि वर्ष 2025 में मई के दौरान यह आंकड़ा 8 हजार मेगावाट को पार नहीं कर पाया था। ऐसे में इस बार की गर्मी ने बिजली खपत के पुराने रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिए हैं। बिजली कंपनियों ने अनुमान जताया है कि इस बार गर्मियों के चरम पर राजधानी में बिजली की मांग 9 हजार मेगावाट तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए कंपनियों ने बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। साथ ही मौसम की स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की आपूर्ति बाधा से बचा जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

