बाहरी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने हिमांशु भाऊ गैंग के एक कथित शूटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना स्थित सिरसका गांव निवासी यशपाल (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो देसी पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में सुल्तानपुरी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सुल्तानपुरी के फूल पार्क के पास से गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को स्पेशल स्टाफ की टीम सुल्तानपुरी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़ा एक बदमाश अवैध हथियारों के साथ ए-ब्लॉक स्थित फूल पार्क के पास मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर छापा मारा और यशपाल को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से दो देसी पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद हुए। इसके बाद 25 अक्टूबर को सुल्तानपुरी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
कारोबारी को निशाना बनाने की आशंका
पुलिस सूत्रों का दावा है कि आरोपी कथित तौर पर किसी कारोबारी को निशाना बनाने के इरादे से इलाके में आया था। हालांकि, इस संबंध में जांच जारी है। पुलिस यशपाल से पूछताछ कर हथियारों की सप्लाई के स्रोत और गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका का पता लगाने की कोशिश कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि आरोपी को हथियार किसने उपलब्ध कराए और क्या इस साजिश में अन्य लोग भी शामिल थे।
हिमांशु भाऊ गैंग की गतिविधियों पर पुलिस की नजर
बाहरी दिल्ली में हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े बदमाशों की गतिविधियां पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। हाल ही में बवाना में दो कारोबारियों के गोदाम और कार पर फायरिंग के मामले में भी गैंग से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
वहीं, रोहिणी जिला पुलिस इस गिरोह को हथियार सप्लाई करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। यशपाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गैंग के हथियार नेटवर्क और संभावित आपराधिक साजिशों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

