दिल्ली से मसूरी घूमने आए एक युवक की शुक्रवार तड़के लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने से मौत हो गई. पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया और अब मामले की कानूनी जांच जारी है.
मसूरी. उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल मसूरी में शुक्रवार तड़के एक दुखद हादसा सामने आया. नई दिल्ली के भोगल क्षेत्र निवासी शिवम (पुत्र अजय) लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट पर मौजूद था. सुबह करीब 5 बजे वह संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक व्यू प्वाइंट से नीचे जा गिरा, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया. गंभीर रूप से घायल शिवम को 108 एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल मसूरी ले जाया गया. हालांकि, चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
पुलिस कर रही मामले की पड़ताल
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है. मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान के अनुसार, पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है. युवक किन परिस्थितियों में व्यू प्वाइंट से नीचे गिरा और हादसे के समय वहां क्या स्थिति थी, इसकी विस्तृत पड़ताल की जा रही है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लाइब्रेरी चौक मसूरी का बेहद व्यस्त और मुख्य पर्यटक केंद्र है, जहां दिन-रात पर्यटकों की आवाजाही लगी रहती है. तड़के हुए इस हादसे के बाद पर्यटक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.



