राजधानी दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र के मुखमेलपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में पानी से लबालब भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चों की उम्र 8 से 10 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खेलते-खेलते पहुंचे पानी से भरे गड्ढे तक
पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर दोनों बच्चे घर से खेलने के लिए निकले थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेलते-खेलते वे गांव के एक खाली प्लॉट में पहुंच गए, जहां बारिश का पानी एक गहरे गड्ढे में जमा था। आशंका है कि दोनों बच्चे अचानक गड्ढे में गिर गए और गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। इस हादसे की सूचना पुलिस को शाम के समय मिली।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन दोनों बच्चों को तुरंत नरेला स्थित सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
लगातार हो रही बारिश के कारण दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव और खुले गड्ढे लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
कुछ दिन पहले भी गई थी एक बच्चे की जान
गौरतलब है कि हाल ही में समयपुर बादली की संजय कॉलोनी में भारी बारिश के कारण हुए जलभराव के बीच एक सात वर्षीय बच्चे रेहान की डूबने से मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने बारिश के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और खुले गड्ढों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि जलभराव वाले खतरनाक स्थलों की तत्काल पहचान कर उन्हें सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

