वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुए दर्दनाक स्पीडबोट हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत के बाद स्थानीय प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने स्पीडबोट के 57 वर्षीय कैप्टन गुयेन होंग हाई को हिरासत में लेकर आपराधिक जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में उस पर जलमार्ग सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा लापरवाही का परिणाम था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

कैसे हुआ हादसा?

यह हादसा शनिवार को उस समय हुआ, जब स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू मेंबर सवार थे। बोट किनारे से करीब 400 मीटर की दूरी पर समुद्र की तेज लहरों की चपेट में आकर पलट गई। हादसे में 15 भारतीयों की डूबने से मौत हो गई, जबकि 16 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हालांकि एक भारतीय पर्यटक अब भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

कंपनी ट्रिप पर गए थे सभी पर्यटक

जानकारी के अनुसार, सभी भारतीय नागरिक एक मोबाइल कंपनी की ओर से आयोजित बिजनेस ट्रिप के तहत वियतनाम पहुंचे थे। द्वीपों की सैर के लिए पर्यटकों को अलग-अलग नावों में भेजा जा रहा था। इसी दौरान पहली स्पीडबोट समुद्र की ऊंची लहरों की चपेट में आकर पलट गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया।

शवों को भारत भेजने की तैयारी

भारतीय दूतावास ने बताया कि सभी 15 मृतकों के शवों को पहले हो ची मिन्ह सिटी पहुंचाया गया है। आवश्यक कानूनी और दस्तावेजी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद विशेष विमान के जरिए शवों को भारत भेजा जाएगा। दूतावास वियतनाम प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है और मृतकों के परिजनों को हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

मृतकों में तमिलनाडु के सबसे ज्यादा लोग

भारतीय दूतावास द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के 3 और केरल के 2 नागरिक शामिल हैं। इस घटना से प्रभावित परिवारों में शोक की लहर है।

जांच में सुरक्षा इंतजाम और मौसम पर फोकस

वियतनाम प्रशासन ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां बोट की तकनीकी स्थिति, सुरक्षा मानकों, चालक की भूमिका और हादसे के समय मौसम की परिस्थितियों की विस्तार से पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि सुरक्षा नियमों में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m