Delhi Tughlakabad Extension Fire Case: दिल्ली तुगलकाबाद एक्सटेंशन अग्निकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। दरअसल यह हादसा नहीं था बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी। पूरा खेल पैसे को लेनदेन को लेकर खेला गया। दक्षिण दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के मुताबिक नाबालिग लड़की समेत सभी चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और साजिश के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
बता दें कि 12 जून की रात करीब 2 बजकर 24 मिनट में दक्षिण दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे। तभी अचानक एक इमारत से धुआं उठना शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में धुआं आग की लपटों में बदल गया। लोग चीखते हुए घरों से बाहर भागने लगे। हालांकि भागने से पहले ही आग ने सभी को अपने आगोश में ले लिया। हादसे में तीन लोगों की जलकर मौत हो गई थी।
शुरुआत में पुलिस ने इसे आग लगने की सामान्य घटना मानते हुए लापरवाही से मौत और आगजनी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। हालांकि जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे CCTV फुटेज मिले, जिनके देखने के बाद पुलिस से पैरों तले की जमीन भी खिसक गई। सीसीटीवी फुटेज में बिल्डिंग में आग लगने से पहले एक युवती भवन में प्रवेश करती हुई दिखी। युवती थोड़े देर बाद वहां से निकलकर दौड़ती हुआ भाग खड़ी हुई। इसके बाद पुलिस को शक हुआ कि आग जानबूझकर लगाई गई है। पुलिस ने जांच के आधार पर 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को पकड़ा। पूछताछ में नाबालिग युवती ने पूरे खेल से पर्दा उठा दिया।
युवती ने पूछताछ में बताया कि उसे आग लगाने के लिए उकसाया गया था। नाबालिग लड़की ने बताया कि सरिता नाम की महिला ने उसे पेट्रोल और माचिस देकर पांचवीं मंजिल पर रहने वाले दीपक की स्कूटी को आग लगाने के लिए कहा था। नाबालिग लड़की ने प्लानिंग के तहत स्कूटी में आग लगा दी। हालांकि आग केवल स्कूटी तक सीमित नहीं रही। आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। दीपक और सरिता के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसके बाद पुलिस ने सरिता को गिरफ्तार किया। सरिता ने पुलिस की पूछताछ में खुलासा किया कि पूरी साजिश निरंजन (33) और उसके भाई राजकुमार (27) ने रची थी। दोनों किसी पुराने निजी विवाद का बदला लेना चाहते थे।

मृतक और आरोपी चचेरे भाई
पूरे मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि दीपक कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि निरंजन का चचेरा भाई है। पुलिस का कहना है कि निरंजन दीपक से बदला लेना चाहता था। इसी वजह से उसने उसकी स्कूटी को निशाना बनाने की योजना बनाई। हालांकि बदले की यह साजिश इतनी भयावह साबित हुई कि उसकी चपेट में निर्दोष लोग भी आ गए और तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया
नाबालिग लड़की समेत सभी चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और साजिश के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में शनिवार को जो आग लगी थी उससे पहले का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने दुकान के सामने लगे सीसीटीवी की फुटेज को लेकर जांच शुरू की जिसमें पता लगा कि यह हादसा नहीं बल्कि सोची समझी साजिश थी।
पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

