KC Venugopal On Rahul Gandhi-Pinarayi Vijayan Row: कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के केरल के पूर्व सीएम पिनराई विजयन के गले नहीं लगाने का ऑडियो वायरल (Rahul Gandhi Viral Audio) होने के बाद कांग्रेस और सीपीएम में तकरार बढ़ गई है। वायरल ऑडियो पर सीपीआई (एम) ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमें किसी के गले मिलने की जरूरत नहीं है। कम्युनिस्टों को गले लगाने की राजनीति नहीं चाहिए। सीपीएम के बायन पर अब कांग्रेस का पलटवार सामने आया है। पूरे मामले पर कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी को बलि का बकरा बनाया जा रहा है। केरल में मिली चुनावी हार से CPI(M) बौखला गई है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रविवार को कहा कि वामदल यानी CPI(M) ‘राजनीतिक हीन भावना’ का शिकार हो चुका है। केरल में मिली चुनावी हार से CPI(M) बौखला गई है। पार्टी अपनी हार के कारणों की निष्पक्ष समीक्षा करने के बजाय राहुल गांधी को बलि का बकरा बना रही है। राजनीतिक अस्तित्व बनाए रखने वाली CPI(M) अब राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाकर अपनी हताशा दिखा रही है।

केसी वेणुगोपाल ने फेसबुक पर जारी अपने बयान में कहा कि CPI(M) द्वारा राहुल गांधी पर की गई टिप्पणियां पूरी तरह हास्यास्पद हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के कुछ नेता, जो पहले राहुल गांधी की छवि से राजनीतिक लाभ उठा चुके हैं। अब उन्हें ‘ईडी का एजेंट’ बताकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह वैसा ही है जैसे कोई व्यक्ति अपना चेहरा खराब दिखने पर आईना तोड़ दे। वेणुगोपाल ने कहा कि लोकतंत्र का मूल सिद्धांत है कि सबसे बड़े विपक्षी दल का नेता ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी राजनीतिक पहचान खो रही CPI(M) इस सच्चाई को स्वीकार नहीं कर पा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यही रवैया जारी रहा तो भविष्य में पार्टी को और बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा।

सीताराम येचुरी का किया उल्लेख
उन्होंने पूर्व CPI(M) महासचिव सीताराम येचुरी का जिक्र करते हुए कहा कि वे INDIA गठबंधन के व्यापक राजनीतिक उद्देश्य को समझते थे। हालांकि वर्तमान नेतृत्व अपनी पुरानी राजनीतिक सोच और फैसलों को ही नजरअंदाज कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में CPI(M) द्वारा राहुल गांधी पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार है।

राहुल गांधी के वायरल ऑडियो से बढ़ी तकरार

बता दें कि राहुल गांधी का 8 जून 2026 को हुई इंडिया अलांय़स बैठक का एक एक ऑडियो वायरल हुआ है।  ऑडियो में राहुल गांधी कहते हुए सुने जा सकते हैं कि- वह पिनराई विजयन को गले नहीं लगाएंगे क्योंकि उनके साथ उनकी राजनीतिक लड़ाई चल रही है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि हमारे बीच राजनीतिक मतभेद हैं, लेकिन अगर आप मुझसे कह रहे हैं कि मैं केरल के पूर्व मुख्यमंत्री को जाकर गले लगाऊं, तो मैं ऐसा नहीं कर सकता और न ही करूंगा। क्योंकि मेरी उनके साथ राजनीतिक लड़ाई जारी है।

सीपीएम नेताओं ने किया हमला

राहुल गांधी के वायरल ऑडियो पर सीपीएम के महासचिव और पूर्व सांसद एमए बेबी ने कहा कि किसी ने राहुल गांधी से पिनराई विजयन को गले लगाने के लिए नहीं कहा था, लेकिन उन्हें विजयन की गिरफ्तारी की मांग करना बंद करना चाहिए। जबकि सीपीएम की वरिष्ठ नेता वृंदा करात ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमें किसी के गले मिलने की जरूरत नहीं है. कम्युनिस्टों को गले लगाने की राजनीति नहीं चाहिए, हमें स्पष्ट राजनीतिक सोच चाहिए। राहुल गांधी अपने गले लगाने की राजनीति अपने पास रखें, लेकिन नेता प्रतिपक्ष होने के नाते पिनराई विजयन जैसे विपक्षी नेताओं का सम्मान जरूर करें।

पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m