Delhi Usmanpur Murder: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नाबालिग की हत्या ने एक बार फिर लॉ एंड ऑर्डर पर सवालिया निशान लगा दिया है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर थाना क्षेत्र के गौतम विहार में मामूली विवाद में नाबालिग की निर्मता से हत्या कर दी गई। परिजनों के मुताबिक 16 वर्षीय अयान आरोपी से थप्पड़ मारने की वजह पूछने गया था। आरोपी ने 16 वर्षीय अयान ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है।

अयान अपने परिवार के साथ गौतम विहार इलाके में रहता था। परिजनों का आरोप है कि इलाके में रहने वाले युवक ने किसी बात को लेकर अयान को थप्पड़ मार दिया था। इस बात से नाराज अयान कारण पूछने के लिए पास की गली में गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर अयान पर चाकुओं से हमला कर दिया।

आरोपी ने अयान पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों और परिजनों ने घायल अयान को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नाबालिग की हत्या की खबर मिलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। हालात को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और जांच शुरू कर दी है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m