नितिन नामदेव, रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में समान नागरिक संहिता (UCC) के प्रावधानों और उसके सामाजिक प्रभावों को लेकर राज्य स्तरीय बैठक जारी है। बैठक में विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर चर्चा की जा रही है।
UCC को लेकर समिति का काम जारी- समिति सदस्य शत्रुघ्न सिंह
UCC समिति के सदस्य और पूर्व IAS शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि समान नागरिक संहिता को लेकर समिति का काम लगातार जारी है। बैठक में इस बात पर विचार-विमर्श किया जा रहा है कि विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर कानून में किस तरह के प्रावधान रखे जाएं।
छत्तीसगढ़ की अपनी विशेषताएं
उन्होंने कहा कि बैठक में सामने आने वाले सुझावों पर UCC समिति के सदस्य आगे मनन करेंगे। शत्रुघ्न सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अपनी विशेषताएं हैं, इसलिए यहां की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रावधानों पर विचार किया जा रहा है।
5वीं अनुसूची के क्षेत्रों को लेकर भी चर्चा
बैठक में संविधान की 5वीं अनुसूची (Fifth Schedule) के क्षेत्रों को लेकर भी चर्चा की जा रही है। समिति इन क्षेत्रों की विशेष परिस्थितियों और उनके अनुरूप कानूनी प्रावधानों पर विचार कर रही है।

शत्रुघ्न सिंह के मुताबिक, चर्चा और सुझावों के आधार पर UCC समिति प्रारूप तैयार करने का प्रयास करेगी। समिति की कोशिश है कि समान नागरिक संहिता से संबंधित अपनी रिपोर्ट अक्टूबर के आखिरी सप्ताह या नवंबर के पहले सप्ताह में राज्य सरकार को सौंप दी जाए। उन्होंने कहा कि समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद राज्य सरकार उसके आधार पर आगे की टाइमलाइन तय करेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


