बालेश्वर: ओडिशा के बालेश्वर जिले के भोगराई ब्लॉक से दुर्लभ ओरंगुटान के रेस्क्यू किए जाने के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है. इस गंभीर मामले को लेकर भोगराई के स्थानीय विधायक गौतम बुद्ध दास ने राज्य सरकार को घेरते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यह घटना केवल राज्य की सुरक्षा से जुड़ी नहीं है, बल्कि देश की तटीय सुरक्षा व्यवस्था पर भी एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करती है.

विधायक दास ने निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि घटना के 5 दिन बीत जाने के बाद भी जांच एजेंसियों के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है. पुलिस और वन विभाग केवल कुछ लोगों से पूछताछ कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर जांच दल के हाथ अब भी पूरी तरह खाली हैं.

राज्य सरकार और संबंधित मंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए विधायक गौतम बुद्ध दास ने कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया और मलेशिया जैसे सुदूर देशों में पाए जाने वाले यह दुर्लभ ओरंगुटान बालेश्वर के भोगराई तक कैसे पहुंचे? इस अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करी रैकेट के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इन ओरंगुटानों का खरीदार कौन था? जिस समुद्री या जमीनी मार्ग से इन जानवरों को बालेश्वर लाया गया, उसी रास्ते से अन्य बड़े आपराधिक और अवैध सामानों की तस्करी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.

विधायक ने कहा कि यह घटना देश की कमजोर तटीय सुरक्षा प्रणाली को उजागर करती है. राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे की जड़ तक पहुंचने के लिए तुरंत CBI जांच की जानी चाहिए. इसके साथ ही मरीन पुलिस को अधिक शक्ति प्रदान करने और सभी सीमावर्ती क्षेत्रों में जांच और निगरानी को कड़ा करने की जरूरत है.

उन्होंने विभागीय मंत्री को सलाह दी कि वे केवल टेलीविजन पर बयानबाज़ी करने के बजाय धरातल पर कड़े कदम उठाएं और इस तस्करी रैकेट में शामिल सभी अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करें.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H